रहस्यमयी ढंग से गायों की मौत, पशु पालक भयभीत,

शहर में लम्बे समय से है गौशाला की मांग पर मामला अभी ठंडे बस्ते में.

बैकुंठपुर (khabarwarrior) कोरिया जिला मुख्यालय बैकुंठपुर से लगे ग्राम पंचायत सलका में आधा दर्जन गायों की असामयिक मौत से किसानों व पशुपालकों में डर के सांथ  रोष व्याप्त है। फिलहाल गायों की रहस्यमयी मौत के कारणों का पता नहीं  चल पाया है।ऐसा अंदाजा लगाया जा रहा है कि शायद गायों को जहर देकर मारा गया हो।

घटना की जानकारी देते हुए स्थानीय गौ सेवक अनुराग दुबे ने बताया कि उनको जब बैकुंठपुर से लगे ग्राम सलका और उसके पीछे स्थित जंगल में आधा दर्जन गायों की अचानक मौत की जानकारी मिली तो वे तत्काल ग्रामीणों के सांथ मौके पर पहुंचे तो वहां अलग अलग दिशाओं में गायों के शव पडे मिले,  इसकी जानकारी तुरंत पशु विभाग को दी गई।

जानकारी मिलने पर पशु विभाग के दो चिकित्सक घटना स्थल पहुंच कर मृत गायों की जांच कर मौत के कारणों को पता लगाने में जुटे हुए हैं।डॉ शर्मा का कहना है कि इस क्षेत्र में सर्वे करा लिया गया है किसी भी प्रकार की बीमारी किसी भी जानवर को नही है, ऐसे में जहरखुरानी की संभावना लग रही है, पोस्टमार्टम के बाद ही कारणों का पता चल पाएगा।

क्षेत्रीय विधायक अंबिका सिंहदेव भी मामले की जानकारी मिलते ही वहां पहुंची। जिसके बाद गौ पालकों को बुलाकर इसकी जानकारी दी गई।गौ पालकों ने अपनी अपनी गायों की पहचान की।उनमें से एक गौ पालकअनुरूद्ध सिंह ने बताया कि उनकी दो गायों की मौत हुई है।,क्षेत्र में अभी गेंहूँ और सब्जियों का मौसम है और गायों को चरवाहा चराने के  लिए खेतों की ओर ले गया था।

विधि विधान से होगा अंतिम संस्कार,

गौ सेवक अनुराग दुबे का कहना है कि  सभी गायों के पोस्टमार्टम के बाद इनका अंतिम संस्कार  विधि विधान से किया जाएगा।

दुबे ने बताया कि शहर में गौशाला की मांग लम्बे समय से की जा रही है, गौशाला नहीं होने के कारण शहर में भी ऐसे हालात बने हुए है। इसके  लिए कुछ दिन पहले कुछ पहल की गई थी भूमि का चयन भी किया गया था, परन्तु अब मामला ठंडे बस्ते में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.