किसान आंदोलन के समर्थन में 8 जनवरी को होगा सत्याग्रह/ जेल भरो/ धरना

रायपुर(खबर वारियर)- सीटू ने बयान जारी कर कहा है कि देश के किसान आंदोलन पर है, मजदूरों ने 26 नवम्बर को अभूतपूर्व हड़ताल की लेकिन केंद्र की मोदी सरकार अपने कारपोरेट परस्ती में देश विरोधी नीतियों को ही आगे बढ़ाने में लगी है । सरकार के इन कदमों का जबरदस्त विरोध करने तथा किसान मजदूर आन्दोलन के आवाज को मजबूत करने सीटू ने 8 जनवरी को देश भर में धरना, प्रदर्शन, घेराव, जेल भरो आंदोलन का आव्हान किया है ।
इस आंदोलन के तहत सीटू की ओर से दोपहर 12 बजे बूढ़ातालाब धरना स्थल पर प्रदर्शन/सत्याग्रह आयोजित आन्दोलन किया जाएगा।
सीटू के राज्य सचिव धर्मराज महापात्र ने बताया कि इस आन्दोलन के जरिए सीटू मजदूर विरोधी चारों श्रम संहिता को रद्द करने, किसान विरोधी तीनों कृषि कानून और बिजली कानून संशोधन बिल वापस लेने, सार्वजनिक क्षेत्र का निजीकरण बंद करने, सभी गैर आयकर दाता परिवार को 7500 रुपए प्रतिमाह भुगतान किए जाने, सभी जरूरतमंदो को प्रति व्यक्ति 10 किलो अनाज उपलब्ध कराए जाने, मनरेगा के तहत 700 रुपए प्रतिदिन मजदूरी के साथ 200 दिन का काम देने , कानूनी रूप से इसमें शहरी गरीबों को भी शामिल करने कानून बनाने, एन पी एस रद्द कर, पुरानी पेंशन योजना लागू करने, सभी के लिए सामाजिक सुरक्षा और सभी के लिए निशुल्क सार्वभौमिक सार्वजनिक स्वास्थ्य सुविधा प्रदान करने कि मांग करेंगे ।



