देश

मोदी की मुख्यमंत्रियों संग बैठक, भूपेश बघेल और ममता बनर्जी नहीं हुए शामिल

दिल्ली(khabar warrior)-  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए मुख्यमंत्रियों के साथ रणनीति बना रहे हैं। इस मीटिंग में कई राज्यों के मुख्यमंत्री भाग ले रहे हैं।
कोरोना के दोबारा संक्रमण को रोकने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक कर रहे हैं। प्रधानमंत्री आज मुख्यमंत्रियों के साथ कोरोना प्रभावित राज्यों में इस वायरस से निपटने की कार्ययोजना पर भी चर्चा करेंगे। खास बात ये है कि इस बैठक में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल नहीं शामिल हुए हैं। ममता बनर्जी ने इस बैठक में शामिल ना होने के लिए राजनीतिक रैली में व्यस्त रहना बताया है.
गौरतलब है कि देश के कई राज्यों में कोरोना का संक्रमण फिर से पांव पसार रहा है। महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। कोरोना के दोबारा बढ़ते संक्रमण को देखते हुए केंद्र सरकार काफी गंभीर है। इसको देखते हुए प्रधानमंत्री मोदी की मुख्यमंत्रियों के साथ होने जा रही यह बैठक बेहद अहम मानी जा रही है। प्रधानमंत्री राज्यों के टीका करण की प्रगति और इसमें आने वाली दिक्कतों की भी आज की बैठक में समीक्षा करेंगे। इस बैठक में कई अहम फैसले भी लिए जा सकते हैं।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर कोविड वैक्सीनेशन और कोरोना संक्रमण को नियंत्रित करने राज्यों द्वारा की जा रही व्यवस्था की मुख्यमंत्रियों के साथ समीक्षा बैठक में गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू शामिल हुए। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के असम प्रवास पर होने के कारण उनके स्थान पर छत्तीसगढ़ की ओर से गृहमंत्री साहू ने वीडियो कॉन्फ्रेंस से आयोजित बैठक में हिस्सा लिया। प्रधानमंत्री मोदी ने बैठक में सभी राज्यों में कोविड टीकाकरण की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने कोरोना संक्रमण के फैलाव को रोकने राज्यों द्वारा उठाए जा रहे कदमों के बारे में भी पूछा और आवश्यक निर्देश दिए।

वीडियो कॉन्फ्रेंस में गृहमंत्री के साथ मुख्य सचिव अमिताभ जैन, स्वास्थ्य विभाग की अपर मुख्य सचिव रेणु जी. पिल्लै, मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव सुब्रत साहू और सचिव सिद्धार्थ कोमल परदेशी भी शामिल हुए। वहीं नई दिल्ली में प्रधानमंत्री के साथ केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह और लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के सचिव राजेश भूषण ने भी वीडियो कॉन्फ्रेंस में राज्यों की व्यवस्था की जानकारी ली।

Related Articles

Back to top button