मौनी अमावस्या पर प्रियंका गांधी ने संगम में लगाई डुबकी, खुद चलाने लगीं नाव

प्रयागराज(खबर वारियर)- मौनी अमावस्या के पर्व पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी आज संगम में डुबकी लगाई। यहां स्नान और पूजा-पाठ के बाद उन्होंने नाव की सैर भी की। नाव पर बैठीं तो कुछ देर बाद वह खुद चलाने लगीं। इसका वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह दोनों हाथों से नाव चलाती दिख रही हैं। इस दौरान स्नान को आए लोग और आसपास नाव से सैर करने वाले कुछ पल के लिए ठहर कर तस्वीरें लेने लगे। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राजीव शुक्ला ने वीडियो शेयर किया है।
प्रयागराज में संगम तट पर आज माघ मेले का तीसरा स्नान पर्व है। मौनी अमावस्या के मौके पर आधी रात के बाद से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी गई। कोरोना गाइडलाइन के बीच श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई।
संगम में मौनी अमावस्या स्नान के बाद प्रियंका गांधी जी ने नाव चलायी। हर हर गंगे । @INCIndia @priyankagandhi pic.twitter.com/QFBFDWay9I
— Rajeev Shukla (@ShuklaRajiv) February 11, 2021
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा आज मौनी अमावस्या स्नान पर्व पर प्रयागराज पहुंचीं हैं। वह सबसे पहले नेहरू-गांधी परिवार के पैतृक आवास आनंद भवन पहुंची। जहां अपने परदादा और पूर्व प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू के स्मृति स्थल पर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
श्रीमती प्रियंका गांधी जी आनंद भवन में संगम विसर्जन से पूर्व रखी गई पंडित जवाहरलाल नेहरू जी की अस्थियों के स्थल पर अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करती हुई। pic.twitter.com/IPDUd612aO
— UP Congress (@INCUttarPradesh) February 11, 2021
प्रियंका गांधी ने आनंद भवन स्थित अनाथालय में बच्चों के साथ भी कुछ पल बिताए। यहां वह एक बच्ची को गोद में लिए हुए नजर आईं।
प्रयागराज में आनंद भवन स्थित अनाथालय में बच्चों के साथ महासचिव श्रीमती प्रियंका गांधी जी। pic.twitter.com/ulr0Z9NsaI
— UP Congress (@INCUttarPradesh) February 11, 2021
गेट पर भारी भीड़ को देखते हुए आनंद भवन के गेट को खोल दिया गया था। कार्यकर्ता भी भीतर घुस गए थे, जिन्हें बाद में रोका गया। प्रियंका गांधी वाड्रा आज पांच घंटे प्रयागराज में गुजारेंगी। वह मनकामेश्वर मंदिर भी गईं।
Sangam snan pic.twitter.com/pv8PUM83Mx
— Rajeev Shukla (@ShuklaRajiv) February 11, 2021
उत्तर प्रदेश में 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर प्रियंका गांधी के दौरे बढ़े हैं। एक दिन पहले वह किसान पंचायत में शामिल हुई थीं। पिछले साल लोकसभा चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत प्रियंका गांधी ने गंगा यात्रा से की थी। 17 मार्च 2019 को प्रियंका ने प्रयागराज से जल यात्रा निकाली थी।
संगम में हनुमान मंदिर में मत्था टेकने के बाद वह सड़क मार्ग से छतनाग होते हुए दुमदुमा घाट गई थीं। दुमदुमा घाट, कौडिहार तक गंगा के रास्ते स्टीमर से गई थीं। उन्होंने पुलवामा में शहीद महेशराज यादव के परिजनों से मुलाकात भी की थी। इसके बाद वह गंगा के रास्ते कौड़िहार से सीतामढ़ी तक स्टीमर से गई थीं।



