मारकण्डेय के प्रभार क्षेत्र वाले उम्मीदवार डॉ आमियो भूयान की विस्फोटक जीत

रायपुर(खबर वारियर)- छत्तीसगढ़ भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक नवीन मारकण्डेय को भाजपा ने असम के बिहपुरिया विधानसभा क्षेत्र की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी थी, यहां से उम्मीदवार डॉ आमियो कुमार भूयान प्रचंड मतों से विजयी हुए हैं। डॉ भूयान ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 12000 से भी अधिक मतों से परास्त किया है। मारकण्डेय विगत 6 मार्च से ही गुवाहाटी होते हुए बिहपुरिया पहुँच कर मोर्चा जमाए हुए थे और भाजपा उम्मीदवार डॉ आमियो भुयान के पक्ष में चुनाव प्रचार की कमान सम्हाल रहे थे।
प्रचार कार्यक्रम के दौरान मारकण्डेय ने बिहपुरिया विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक बूथ में जाकर पन्ना प्रभारियों से व्यक्तिगत मुलाकात कर भाजपा के पक्ष में मतदान हेतु रणनीति बनाया। इसी बीच गत 17 मार्च को असम के मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनेवाल की बिहपुरिया विधानसभा क्षेत्र में हुई सभा को नवीन मारकण्डेय ने संबोधित किया था। इस सभा मे लगभग दस हज़ार की संख्या में आमजन व कार्यकर्ता उपस्थित थे।
असम भाजपा द्वारा इसी विधानसभा क्षेत्र में दिनांक 24 मार्च को एक महारैली का आयोजन किया गया था जिसके मुख्यअतिथि भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी थे। इस सभा की तैयारियों की समीक्षा की जिम्मेदारी भी नवीन मारकण्डेय को सौंपी गयी थी। जीत की सूचना मिलने के बाद मारकण्डेय ने डॉ भूयान को दूरभाष पर शुभकामनाएं दी हैं, डॉ भूयान ने भी मारकण्डेय को धन्यवाद दिया है।


