राजनीति

टीकाकरण के लिए ऑफलाइन पंजीयन जारी रहे- मारकण्डेय

रायपुर(khabar warrior)- भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष एवं आरंग के पूर्व विधायक नवीन मारकण्डेय ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को पत्र लिखकर यह मांग किया है कि कोविड के टीकाकरण के ऑनलाइन के साथ- साथ ऑफलाइन की व्यवस्था भी जारी रहे।

ज्ञात हो कि कोरोना में टीकाकरण के संबंध में छत्तीसगढ़ शासन ने पंजीयन के लिए ऑनलाइन पोर्टल सीजी टीका जारी किया है। अब आगे होने वाले टीकाकरण के लिए लाभार्थियों को इसी पोर्टल पर अनिवार्य रूप से पंजीयन कराना होगा।

छत्तीसगढ़ के ग्रामीण एवं वनवासी परिवेश तथा ऑनलाइन पंजीयन की सीमाओं व कमियों की ओर शासन का ध्यान आकृष्ट करते हुए मारकण्डेय ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि छत्तीसगढ़ की बड़ी आबादी आज भी एंड्रॉएड मोबाइल अथवा कंप्यूटर का प्रयोग नही करती। साथ ही इंटरनेट कनेक्टिविटी की समस्या व सर्वर जाम की समस्या के चलते इस प्रक्रिया के तहत पंजीयन और जटिल और आम जनता के पहुँच से बाहर हो गयी है। इस प्रकार कम से कम समय मे अधिक से अधिक जन का टीकाकरण करना सम्भव नही हो पाएगा। आज पंजीयन की प्रक्रिया को अधिक सुगम करने की आवश्यकता है जिसके लिए आधार कार्ड के द्वारा ऑफलाइन पंजीयन प्रभावी एवं सरल माध्यम है।

इन परिस्थितियों के मध्य प्रदेश में टीकाकरण के लक्ष्य को तय समय मे पूरा नही किया जा सकता अतः टीकाकरण के ऑफलाइन पंजीयन की वर्तमान प्रचलित व्यवस्था को भी चलते रहने दिया जाए और टीकाकरण अभियान प्रत्येक गांवों में प्रारम्भ हो ताकि कोविड-19 की इस दूसरी लहर पर सटीक तरीके से नियंत्रण पाया जा सके।

Related Articles

Back to top button