छत्तीसगढ़

सनातन संस्कृति के मूल में है जनजाति समाज

रायपुर(ख़बर वारियर)- अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम से सम्बद्ध वनवासी विकास समिति, व जनजाति गौरव समाज, छत्तीसगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में विगत 8 नवम्बर से प्रांत के विभिन्न स्थानों पर आयोजित राष्ट्रीय जनजाति गौरव दिवस व भगवान बिरसा मुण्डा जयंती पखवाड़ा का समापन समारोह सम्पन्न हुआ | समारोह के मुख्य अतिथि राष्ट्रीय जनजाति आयोग के अध्यक्ष डॉ. नंदकुमार साय थे | अध्यक्षता पूर्व मंत्री केदार कश्यप ने की | विशेष अतिथि के रूप में जनजाति गौरव समाज के प्रांत अध्यक्ष एम. डी. ठाकुर व वनवासी विकास समितिके प्रांत अध्यक्ष रतन लाल अग्रवाल थे | मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत प्रचारक प्रेमशंकर सिदार थे |

कार्यक्रम का प्रारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्जवलन से हुआ | अतिथियों के स्वागत के बाद शबरी कन्या आश्रम की बहनों ने भगवान बिरसा मुण्डा के संदेश पर आधारित सामूहिक गीत प्रस्तुत किये | उद्बोधन की कड़ी में जमजाति गौरव समाज के प्रांतीय अध्यक्ष एम.डी. ठाकुर मे कहा कि जनजाति समाज का इतिहास समृद्ध व गौरव शाली रहा है |

जनजातीय शासन के पराक्रम के कारण मुगल व अंग्रेज डर से कांपते थे | विद्यार्थी काल में ही भगवान बिरसा मुण्डा अंग्रेजों व चर्च की सांठगांठ और दमनकारी नीति को समझ गए थे | उन्होंने उनसे मुक्ति व स्वधर्म रक्षा के लिए जनजाति समाज में स्वाभिमान जगाकर क्रांति का शंखनाद किया था जिसके कारण अंग्रेजों ने उन्हें जेल में जहर देकर मार दिया | उन्होंने बताया था कि जनजाति समाज के पूर्वज हिन्दू थे और हमेशा रहेंगे।

धरती का भगवान

पूर्व मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि जनजाति समाज सदा से देश के लिए सर्वस्व न्यौछावर करने वालों के वंशज हैं | भगवान बिरसा मुण्डा ने केवल 25 वर्ष की आयु में ही अंग्रेजों को झुकने के लिए मजबूर कर दिया था | भगवान कृष्ण की तरह वे धनुष बाण के अलावा वे बांसुरी बजाने में भी निपुण थे, इकना ही नहीं कृषि व गौपालन के बारे में भी संदेश देते थे | ईसाई मिशनरियों के कुचक्र से बचाकर सबको मुक्ति का मार्ग भी दिखाया था इसलिए उन्हें “धरती आबा”यानि “धरती का भगवान” भी कहा जाता है |

मुख्य अतिथि के रूप में बोलते हुए डॉ. नंद कुमार साय ने कहा कि भगवान राम की सेना में बंदर-भालू नहीं बल्कि यह जनजाति समाज के ही लोग थे | आज विदेशी ताकतों के इशारों पर समाज को तोड़ने का कार्य कुछ दिग्भ्रमित जनजाति के लोग ही कर रहे हैं | समाज के सामने प्राचीन काल से अधिक आज चुनौतियां हैं जिसके कारण कार्य करने का अधिक अवसर है | प्रकृति पूजक वनवासी समाज प्रसुप्त नहीं,जागरूक समाज है, जो सनातन संस्कृति की पहचान है |

मुख्य वक्ता के रूप में बोलते हुए प्रेमशंकर सिदार ने कहा कि धर्म के संस्कारों को जीवन में उतारने वाला समाज अगर कोई है तो वह जनजाति समाज ही है | अतिथि देवो भवः का विचार भी इनको देखकर ही आया होगा | भ्रूण हत्या जैसी बुराईयों से यह समाज आज भी कोसों दूर है | देश की आवश्यकता के समय यह समाज हमेशा आगे  आकर खड़ा हुआ | इन्हीं में बिरसा मुण्डा का नाम अग्रणी है | उनका व्यक्तित्व विराट है |

स्वयं हिन्दू धर्मग्रंथों किया का अध्ययन

उनका स्पष्ट मत था कि धर्मान्तरण से बचना है तो धार्मिक दृढ़ता चाहिए |इसके लिए उन्होंने स्वयं हिन्दू धर्मग्रंथों का अध्ययन किया | घर-घर गौ-तुलसी पूजा प्रारंभ करवाई | अंग्रेज सरकार ने उन्हें पागल बताकर जेल में डाल दिया था | जेल से बाहर आने के बाद उन्होंने समाज में स्वाभिमान जगाकर लोगों को संगठित कर धरती को बचाने अंग्रेजों पर एक साथ आक्रमण किया | वैदिक जीवन जीने वाले जनजाति समाज, सनातन धर्म के मूल में है | भारत को समाप्त करने के लिए जनजाति समाज के खिलाफ अनेकों षड्यंत्र प्राचीन काल से चला आ रहा है अब जनजाति समाज गौरव के प्रयासों से वे जागरूक होकर खड़े हो रहे हैं |

इस अवसर पर वनवासी जागरण पुस्तक और वार्षिक कैलेण्डर का अतिथियों के द्वारा विमोचन किया गया |तीन स्तर पर आयोजित निबंध प्रतियोगिता के परिणाम भी घोषित किये गये | कार्यक्रम का संचालन विकास मरकाम ने किया जबकि आभार प्रदर्शन सुहास देशपाण्डे ने किया| इस अवसर पर कार्यकर्ताओं सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित थे |

Related Articles

Back to top button