औद्योगिक क्षेत्र रसमड़ा के ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री से लगाई ये गुहार

(दुर्ग से गुलाब देशमुख की रिपोर्ट)
दुर्ग (खबर वारियर) दुर्ग ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में स्थित औद्योगिक क्षेत्र के ग्राम रसमड़ा के ग्रामीणों ने उद्योगों में स्थानीय निवासियों का आधार कार्ड देखकर तिरस्कृत करने, प्रदूषण, व रोजगार संबंधी शिकायत लेकर गंज मंडी से सैकड़ों ग्रामीण रैली की शक्ल में कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। जहां गेट के सामने पुलिसकर्मीयो ने रोका फिर प्रतिनिधि मंडल बनाकर डिप्टी कलेक्टर जागेश्वर कौशल को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।ज्ञापन में भुखमरी, बेरोजगारी से बचाने का अनुरोध किया है।

उद्योगों के खिलाफ ज्ञापन में विभिन्न बिंदु पर शिकायत की गई है—
भूमि अर्जित कर किसानों से वादा खिलाफी
उल्लेखनीय है कि रसमड़ा में स्थापित उद्योगों के लिए किसानों से भूमि अर्जित की गई और स्थानीय निवासियों को रोजगार की प्राथमिकता देने की बात कही गई थी। लेकिन अब स्थानीय निवासियों को रोजगार के लिए तरसना पड़ रहा है।
प्रदूषण फैलाने वाली कंपनिया को स्वास्थ्य की चिंता नहीं
प्रमुख रूप से जय बालाजी स्टील, टापवर्थ, रायपुर पावर, पुष्प स्टील, क्रेस्ट, जय श्री सॉल्वेंट, सोना बेवरेज, जेडी इस्पात सहित अन्य कंपनियां शामिल हैं। शासन प्रशासन पर आरोप भी है कि औपचारिक कार्यवाही कर उद्योगों को पहले ही सचेत कर दिया जाता है। जिससे निडर होकर पर्यावरण को प्रदूषित करने में कसर नहीं छोड़ रहे हैं।
उद्योगों से निकले कालिख घरों को काला कर रहे हैं जिससे ग्रामीणों में दहशत भी है।साथ ही स्वास्थ्य पर विपरीत प्रभाव भी पड़ रहा है।
मुख्यमंत्री के प्रथम आगमन पर मिली थी आशा वो भी गया बेकार
ये भी आरोप प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने समस्या का स्थायी समाधान निकालने की बात कही थी लेकिन अग्रणी क्षेत्रीय प्रतिनिधियों ने भी खानापूर्ति कर लिया और अब तक समस्या जस की तस बनी हुई है।
आधार कार्ड देखकर भगा दिया जाता है
ग्रामीणों ने पत्रकारों को बताया कि रसमड़ा में कंपनियां पक्षपाती और सौतेला व्यवहार कर रही है आधार कार्ड में यदि रसमड़ा का पता दर्ज रहता है उसे काम में ही नहीं लिया जाता कंपनी के गेट से ही वापस लौटा दिया जाता है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते कार्यवाही सुनिश्चित नहीं की गई तो उद्योगों में वाहनों का आवागमन अवरूद्ध किया जाएगा।
वहीं डिप्टी कलेक्टर जागेश्वर कौशल ने कहा कि पर्यावरण विभाग को निर्देशित किया जाएगा और संबंधित ज्ञापन को मुख्यमंत्री को कार्यवाही हेतु भेजे जाने की बात कही।
ग्रामीणों में क्षेत्रीय जनपद सदस्य अजय वैष्णव,सरपंच ममता भागवत साहू, उपसरपंच नंदकुमार साहू, प्रतिनिधि भागवत साहू, चेतन साहू, नंद निर्मलकर, किशन यादव, मीना यादव, डायमंड वैष्णव, गैंदलाल साहू, बिशाखा साहू, पंचायत के सभी पंच गण व सैकड़ों महिलाएं व ग्रामीण उपस्थित रहे।



