इरफान पठान का अर्धशतक बेकार, रोमांचक मुकाबले में इंग्लैंड ने भारत को 6 रनों से हराया

रायपुर(khabar warrior)- कप्तान केविन पीटरसन (Kevin Pietersen) की अर्धशतकीय पारी के बाद मोंटी पनेसर की अगुआई में अपने गेंदबाज की अनुशासित गेंदबाजी के दम पर इंग्लैंड लीजेंड्स ने रोड सेफ्टी वर्ल्ड सीरीज (Road Safety World Series) के तहत मंगलवार को खेले गए मुकाबले में इंडिया लीजेंड्स (India Legends vs England Legends) को 6 रन से हरा दिया। सचिन तेंडुलकर (Sachin Tendulkar) की कप्तानी वाली इंडिया लीजेंड्स की दो मैचों में यह पहली हार है।
इंडिया लीजेंड्स 182 रन ही बना सकी
इंग्लैंड लीजेंड्स की ओर से रखे गए 189 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंडिया लीजेंड्स टीम 7 विकेट पर 182 रन ही बना सकी। इंडिया लीजेंड्स की ओर से भारत के पूर्व ऑराउंडर इरफान पठान ने 34 गेंदों पर नाबाद 61 रन बनाए जिसमें 4 चौके और 5 छक्के शामिल थे। मनप्रीत गोनी ने 16 गेंदों पर 4 छक्कों की मदद से ताबड़तोड़ नाबाद 35 रन की पारी खेली।
पीटरसन ने लीग का सबसे तेज अर्धशतक जड़ा
इससे पहले इंडिया लीजेंड्स ने टॉस जीतकर इंग्लैंड लीजेंड्स को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। इंग्लैंड ने ओपनर पीटरसन के 37 गेंदों पर खेली गई 75 रन की पारी के दम पर 7 विकेट पर 188 रन बनाए। पीटरसन ने 18 गेंदों पर अर्धशतक जड़ा जो लीग का सबसे तेज अर्धशतक है। डेरेन मैडी ने 29 रन का योगदान दिया। इंडिया लीजेंड्स की ओर से यूसुफ पठान ने 3 जबकि इरफान और मुनाफ पटेल ने दो दो विकेट चटकाए।
इंडिया लीजेंड्स की शुरुआत खराब रही
लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंडिया लीजेंड्स की शुरुआत खराब रही। इंडिया लीजेंड्स की आधी टीम 56 रन पर पविलियन लौट चुकी थी। पहले मैच में 80 रन की पारी खेलने वाले वीरेंदर सहवाग इस मैच में 6 रन बनाकर आउट हुए वहीं सचिन ने 9 रन का योगदान दिया। युवराज सिंह ने 22 रन बनाए वहीं मोहम्मद कैफ एक रन बनाकर आउट हुए।
यूसुफ पठान ने 17 रन की पारी खेली। इसके बाद इरफान और मनप्रीत ने कुछ आकर्षक शॉट जरूर लगाए लेकिन वह टीम को जीत नहीं दिला सके। इंग्लैंड लीजेंड्स की ओर से मोंटी पनेसर ने तीन जबकि जेम्स ट्रेडवेल ने दो विकेट झटके।



