प्रदेश लिपिक वर्ग के हड़ताल से हटने से नाराज लिपिकों ने संघ छोड़ आंदोलन में भाग लिया-विजय झा

रायपुर (खबर वारियर) छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के आह्वान पर जारी चार चरण के क्रमबद्ध आंदोलन में आज 22 अगस्त से प्रदेश में अनिश्चितकालीन आंदोलन प्रारंभ हो गया है। इस आंदोलन में नाटकीय घटनाक्रम में एक लिपिक वर्गीय नेता के द्वारा आंदोलन वापस ले लेने से नाराज उनके लिपिकों ने संगठन छोड़ बिलासपुर कांकेर कोंडागांव बस्तर गरियाबंद धमतरी में आंदोलन में शामिल हो गए।
रायपुर राजधानी के विक्रय कर विभाग के लिपिक आकाश त्रिपाठी के नेतृत्व में तथा शिक्षा विभाग के लिपिक हर्षवर्धन झा के नेतृत्व में अपने संघ का त्याग कर कर्मचारी हित में आंदोलन में शामिल हो गए हैं।
प्रदेश तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ के संरक्षक विजय कुमार झा तथा न्यायिक कर्मचारी संघ प्रदेश अध्यक्ष युद्धेश्वर सिंह ठाकुर ने बताया कि आज पूरे प्रदेश में आंदोलन सफल रहा। राजधानी के न्यायिक कर्मचारी सप्रे शाला मैदान में एकत्र होकर रैली की शक्ल में धरना स्थल पर पहुंचे। राजधानी के वन विभाग, राजस्व विक्रय कर, लोक निर्माण, शिक्षा विभाग, पीडब्ल्यूडी, पीएचई, जल संसाधन विभाग, न्यायालय संचालनालय, कलेक्टोरेट, तहसील, कोषालय, पंचायत, आदि सभी बंद रहे ,तथा शालाओं में पढ़ाई ठप रही।

आंदोलनकारियों की सभा को अनेक कर्मचारी नेताओं ने संबोधित करते हुए वादाखिलाफी, महंगाई भत्ते की किस्त में अंतर तथा देय तिथि में अंतर रखकर मंत्रालय के अधिकारियों ने हड़ताल न करने वाले को मुख्यमंत्री से मिलाकर प्रदेश के हड़ताली कर्मचारियों को जो 25 जुलाई से 29 जुलाई तक हड़ताल किए हैं, अपमानित किया गया। इससे नाराज कर्मियों ने आज पूरी ताकत से हड़ताल को सफल बनाया है।
प्रथम दिन के आंदोलन में महामंत्री उमेश मुदलियार, नरेश वाढ़ेर,जिला शाखा अध्यक्ष राम चंद्र तांडी, प्रदीप उपाध्याय, शेखर सिंह ठाकुर,मनोहर लोचनम, सीएल दुबे, के व्ही आयंगर, प्रकाश ठाकुर आदि नेताओं ने सैकड़ों की संख्या में कर्मचारियों के साथ आंदोलन में शामिल हुए।

आंदोलन विरोधियों ने यह भ्रम फैलाया की धरना स्थल पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात है, पुलिस प्रशासन से पता लगाया गया तो वह 24 तारीख को मुख्यमंत्री निवास घेराव आंदोलन के संबंध में वेरीकेट आदि लगवा रहे थे। प्रदेश के कर्मचारी आज 23 अगस्त को भी प्रातः 11:00 बजे सभी जिला तहसील विकास खंडों में तथा रायपुर राजधानी के बूढ़ा तालाब धरना स्थल में धरना देंगे।



