परिणाम से असंतुष्ट या परीक्षा से वांछित छात्रों को दिया जा रहा एक और मौका, जानिए पूरी ख़बर

कैरियर (ख़बर वारियर)- दिग्विजय कालेज एक बार फिर छात्रों को पास होने का मौका देगा। यानि जो छात्र परिणाम से असंतुष्ट, पूरक, अनुतीर्ण या परीक्षा फार्म भरने के बाद भी परीक्षा से वंचित हो गए हैं उनके लिए एक बार फिर परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। ताकि विद्यार्थी दोबारा परीक्षा दिलाकर सफल हो सकें। परीक्षा को लेकर तैयारी शुरू हो गई है। विशेष परीक्षा में शामिल होने के लिए छात्रों को आनलाइन फार्म भरना होगा। इसके बाद फार्म को दिग्जिवय कालेज में जमा करना होगा। स्पेशल परीक्षा में सत्र 2019-20 के सभी स्नातक प्रथम, द्वितीय, तृतीय वर्ष, स्नातकोत्तर सेकेंड सेमेस्टर, प्रथम, तृतीय (एटीकेटी), डीसीए, पीजीडीसीए के छात्र शामिल हो सकते हैं।
परीक्षा को लेकर तिथि तय नहीं
परिणाम से असंतुष्ट छात्र विशेष परीक्षा के लिए आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने के लिए छात्रों को 100 रुपये शुल्क देना होगा। इसके बाद संबंधित फार्म की हार्डकापी को कालेज में जमा करना होगा। परीक्षा को लेकर अब तक तिथि तय नहीं हो पाई है। जल्द ही परीक्षा को लेकर शेड्यूल जारी किया जाएगा। बता दें कि कालेज प्रशासन अलग-अलग संकायों के परीक्षा परिणाम घोषित कर चुका है। ऐसे कई छात्र हैं जो अपने परीक्षा परिणाम से असंतुष्ट हैं।
दोनो फार्मेट में जमा कर सकेंगे उत्तर पुस्तिका
विशेष परीक्षा का प्रश्न पत्र कालेज की वेबसाइट में मिलेगा, जहां से छात्र आसानी से डाउनलोड कर सकेंगे। प्रश्नोें को डाउनलोड करने के बाद इसके उत्तर घर से लिखना होगा। उत्तरपुस्तिका को जमा करने छात्रों को दो फार्मेट मिलेंगे। छात्र उत्तरपुस्तिका की हार्डकापी को कालेज में जमा करने के साथ पीडीएफ बनाकर कालेज की मेल आइडी में प्रेषित सकेंगे। बता दें कि कोरोना संक्रमण को देखते हुए इस बार छात्रों को घर से परीक्षा देने की छूट दी गई थी। इसके बाद भी कई विद्यार्थी फेल हो गए थे।
वहीं कई छात्र परीक्षा से वंचित हो गए थे। बच्चों के भविष्य को देखते हुए कालेज प्रशासन ने परिणाम से असंतुष्ट छात्रों को एक बार और मौका देने का फैसला लिया है। अंक सुधार और परीक्षा में अनुपस्थित छात्र इस परीक्षा में बैठ सकेंगे। इस विशेष परीक्षा में बैठने के लिए छात्रों को 100 रुपये परीक्षा शुल्क के रूप में देना होगा।


