भाजपा का सवाल : कांग्रेस के लोगों ने वर्धा आश्रम में क्या कमीशनखोरी को अपना अधिकार बताने की ली है ट्रेनिंग ❓

रायपुर(खबर वारियर)- भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता संजय श्रीवास्तव ने भ्रष्टाचार मुक्त छत्तीसगढ़ के कांग्रेस के दावे को कोरी जुमलेबाजी बताते हुए कहा है कि कांग्रेस के दो साल के शासनकाल में ऊपर से लेकर नीचे तक भ्रष्टाचरण का एक सिलसिला चल रहा है और कमीशनखोरी के जरिए कांग्रेस के लोग निर्लज्जतापूर्वक काली कमाई से अपनी तिजोरियाँ भरने में लगे हैं।
श्रीवास्तव ने कहा कि भ्रष्टाचार के इस खुले खेल में कांग्रेस की महिला नेत्रियों की भागीदारी बेहद हैरतभरी है।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता श्रीवास्तव ने बालोद ज़िले के डौंडीलोहारा नगर पंचायत की अध्यक्ष और ठेकेदार के बीच हुई बातचीत के कथित वायरल ऑडियो का हवाला देते कटाक्ष किया कि सत्य, सदाचार के मार्ग पर चलने की सीख देने वाले महात्मा गांधी के अनुयायी होने के दंभ का प्रदर्शन करते कांग्रेस के लोगों ने हाल ही बापू के आश्रम वर्धा में क्या कमीशनखोरी को अपना अधिकार बताने की ही ट्रेनिंग ली है?
संजय श्रीवास्तव ने कहा कि जायज कामों के लिए भी कांग्रेस के जनप्रतिनिधि कमीशन मांगते और उसे अपना अधिकार बताते ज़रा भी शर्म महसूस नहीं करके भ्रष्टाचार की सारी हदें पार करते दिख रहे हैं।
यह तो और भी गंभीर मसला इसलिए भी है क्योंकि इस ऑडियों में नपं अध्यक्ष यह कहती सुनी जा रही हैं कि ‘पैसे के लिए ‘ऊपर-नीचे’ भी लोग बैठे हुए हैं।’ यह ‘ऊपर-नीचे’ बैठे लोग कौन हैं, प्रदेश इसका सहज अनुमान लगा सकता है, क्योंकि पूरे प्रदेश में कांग्रेस और प्रदेश सरकार में बैठे ‘कमीशनजीवी’ भ्रष्टाचार का तांडव मचाए बैठे हैं। प्रवक्ता संजय श्रीवास्तव ने कहा कि जब सरकार और सरकार चलाने वाला दल ही कमीशनखोरी को अपना अधिकार बता रहा है तो फिर उस सरकार से यह उम्मीद करना बेमानी ही है कि वह प्रदेश में अपनी नाक के नीचे नौकरशाहों और अफ़सरों-कर्मियों के भ्रष्टाचरण को रोकने की इच्छाशक्ति का परिचय देगी।
प्रवक्ता श्रीवास्तव ने इस ऑडियो को संज्ञान में लेकर इस और इस जैसे भ्रष्टाचार के तमाम मामलों की जाँच कर कमीशनखोरी के इस निर्लज्ज आचरण पर रोक लगाने और लोगों के जायज कामों के लिए कमीशन मांगकर हैरान करने वालों पर कड़ी कार्रवाई का चाबुक चलाने की मांग की है।


