कॅरिअरछत्तीसगढ़शिक्षा

कोविड-19: कक्षा 10वीं और 12वीं की प्रायोगिक परीक्षा के लिए बाह्य परीक्षक की अनिवार्यता समाप्त,होगी ये विशेष व्यवस्था

रायपुर (खबर वारियर) छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा हाई स्कूल और हायर सेकण्डरी परीक्षा वर्ष 2022 के नियमित छात्र-छात्राओं की प्रायोगिक परीक्षा एवं प्रायोजना कार्य समस्त मान्यता प्राप्त संस्थाओं में 10 जनवरी से 31 जनवरी के मध्य आयोजित करने के निर्देश पूर्व में जारी किए गए हैं।

कोविड-19 महामारी के मद्देनजर कक्षा 10वीं और 12वीं की प्रायोगिक परीक्षा के आयोजन के लिए बाह्य परीक्षक की अनिवार्यता को समाप्त किया गया है।

जिन जिलों में कोविड-19 संक्रमण के कारण कलेक्टर के आदेश द्वारा स्कूल को बंद किया गया है। उन जिलों में प्रायोगिक परीक्षा आयोजित करने के लिए 31 जनवरी 2022 तक की तिथि को शिथिल करते हुए उसके बाद प्रायोगिक परीक्षा आयोजित की जा सकती है। इसके लिए संबंधित जिले के जिला शिक्षा अधिकारी, जिला कलेक्टर से अनुमति प्राप्त करके प्रायोगिक परीक्षाएं आयोजित कराएंगे।

छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल के सचिव ने बताया कि राज्य में कोविड-19 महामारी के बढ़ते संक्रमण को ध्यान में रखते हुए कक्षा 10वीं और कक्षा 12वीं की प्रायोगिक परीक्षा एवं प्रायोजना कार्य आयोजित करने के संबंध में सभी मान्यता प्राप्त संस्थाओं को पत्र जारी किए गए है। इसके लिए संस्था प्राचार्य द्वारा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएगी।

संस्था प्राचार्य का यह दायित्व होगा कि निर्धारित परीक्षा समयावधि में संबंधित संस्था स्तर पर ही आंतरिक परीक्षक नियुक्त कर सुविधानुसार एक दिन में उतने ही छात्रों को बुलाकर प्रायोगिक परीक्षा, प्रायोजना कार्य आयोजित किए जाए, जिससे सोशल डिस्टेंसिंग का पालन हो सके।

प्राचार्यों को कोविड-19 संक्रमण के रोकथाम के लिए सभी अधिकारी-कर्मचारी एवं स्कूल के छात्रों द्वारा सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करना एवं मॉस्क का उपयोग करना अनिवार्य होगा। इसके साथ ही कोविड-19 संक्रमण के रोकथाम के लिए केन्द्र और राज्य शासन द्वारा समय-समय पर जारी किए गए निर्देशों का कड़ाई से पालन कराना होगा।

संस्था प्राचार्य से कहा गया है कि स्कूलों को सेनेटाईज कराया जाए और स्कूल के मुख्य द्वार पर छात्रों के हाथ सेनेटाईज किए जाए।

ओपन स्कूल परीक्षा में शामिल होने विलंब शुल्क के साथ अंतिम तिथि 10 जनवरी तक

छत्तीसगढ़ राज्य ओपन स्कूल द्वारा आयोजित मुख्य एवं अवसर परीक्षा वर्ष 2022 में शामिल होने के लिए 500 रूपए विलंब शुल्क के साथ प्रवेश की अंतिम तिथि 10 जनवरी तक निर्धारित की गई है। पूर्व में परीक्षा में प्रवेश के लिए अंतिम तिथि 31 दिसम्बर 2021 निर्धारित की गई थी। छत्तीसगढ़ राज्य ओपन स्कूल द्वारा छात्रहित में यह निर्णय लिया गया है।

छात्र प्रवेश से संबंधित अधिक जानकारी के लिए अपने समीपस्थ अध्ययन केन्द्र में संपर्क कर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। अध्ययन केन्द्रों की सूची कार्यालय की वेबसाईट www.sos.cg.nic.in पर उपलब्ध है।

Related Articles

Back to top button