छत्तीसगढ़शहर

सीएम बघेल ने स्वर्गीय चंदूलाल चंद्राकर की पुण्यतिथि पर उन्हें किया नमन,चंद्रनाहू कुर्मी क्षत्रिय समाज भिलाई नगर ने भी माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित की

रायपुर (खबर वारियर) मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज यहाँ अपने निवास कार्यालय में छत्तीसगढ़ के प्रखर पत्रकार और पूर्व सांसद स्वर्गीय श्री चंदूलाल चंद्राकर की पुण्यतिथि पर उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया । इस अवसर पर उन्होंने चंद्राकर के अमूल्य योगदान को याद करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ के माटी पुत्र चंदूलाल जी ने लोकसभा में सांसद के रूप में और केंद्र में महत्वपूर्ण विभागों में मंत्री रहते हुए देश और प्रदेश की उल्लेखनीय सेवा की। छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण सर्वदलीय मंच के अध्यक्ष के रूप में उन्होंने छत्तीसगढ़ राज्य आंदोलन को नई दिशा प्रदान की।

उन्होंने कहा कि चंदूलाल जी मूल्य आधारित निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता के लिए भी जाने जाते हैं। कई ज्वलंत मुद्दों पर उन्होंने प्रखरता और निडरता से आवाज उठाई। उन्होंने अपने प्रखर व्यक्तित्व और निर्भीक पत्रकारिता से देश में छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया ।

मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि मातृभूमि के प्रति उनकी सेवा भावना एवँ उनके अमूल्य विचार नई पीढ़ी को हमेशा प्रेरित करते रहेंगे।

यशस्वी पत्रकार, महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, राजनीतिज्ञ संत श्रद्धेय चंदूलाल चंद्राकर जी की 27 वीं पुण्यतिथि के अवसर पर आज चंद्रनाहू कुर्मी क्षत्रिय समाज भिलाई नगर के तत्वाधान में  सुपेला चौक भिलाई एवं इंटक आफिस सेक्टर -6, में स्थापित प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किया गया ।

इस अवसर पूर्व राज्यमंत्री बदरुद्दीन कुरैशी  विशेष रुप से उपस्थित थे। उन्होंने उन्हे याद करते हुए छत्तीसगढ़ राज्य बनने में दाऊ जी की भूमिका और उनके जीवन मूल्यों को रेखांकित किया ।

इस अवसर पर चंद्राकर समाज अध्यक्ष अजय चंद्राकर , पवन चंद्राकर, कुलेश्वर चंद्राकर, दिलीप चंद्राकर (सेक्टर- 6), वेद चंद्राकर ,चुरामन दिल्लीवार, राजेश कौशिक, दिलीप चंद्राकर (मरोदा), बलदाऊ चंद्राकर, कमल नारायण चंद्राकर, सरिता मुरारी चंद्राकर, मोरध्वज चंद्राकर, राजेंद्र सिंह भदोरिया, मुरारी चंद्राकर, नारायण चंद्राकर, बद्रीनाथ बघेल, संजय गुप्ता आदि गणमान्य उपस्थित थे ।
चंदनाहू कुर्मी क्षत्रिय समाज भिलाई नगर के अध्यक्ष अजय चंद्राकर ने श्रद्धेय चंदूलाल चंद्राकर जी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कार्यक्रम में उपस्थिति के लिए गणमान्यों का आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Back to top button