छत्तीसगढ़राजधानी

मॉब लिंचिंग के विरोध में प्रदर्शन, दुर्ग-भिलाई से भी रही भागीदारी

जनवादी संगठनों के साथ सिख, सतनामी और बौद्ध समाज ने भी उठाई हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग

भिलाई – आरंग में मॉब लिंचिंग (भीड़ हत्या) के चलते तीन नौजवानों की मौत और 15 दिन होने के बावजूद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से मुस्लिम समुदाय के लोगों ने राजधानी रायपुर पहुंच कर शुक्रवार को आक्रोश जताते हुए बड़ा प्रदर्शन किया। इस दौरान दुर्ग-भिलाई से भी बड़ी तादाद में भागीदारी रही।

प्रदर्शनकारियों ने अपना आक्रोश जताते हुए प्रतीकात्मक गिरफ्तारी भी दी। रजा फाउंडेशन, हुसैनी सेना और छत्तीसगढ़ मुस्लिम समाज के साथ इस प्रदर्शन में सिख, ईसाई, बौद्ध और सतनामी समुदाय के लोग भी शामिल हुए। वहीं विभिन्न वामपंथी व जनवादी संगठनों ने भी दुर्ग-भिलाई सहित प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचकर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की आवाज बुलंद की।

मोतीबाग रायपुर में हुए इस प्रदर्शन में हजारों की तादाद में मौजूद लोग आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की वहीं राज्य सरकार पर जानबझूकर आरोपियों को बचाने का आरोप लगाया।

उल्लेखनीय है कि राजधानी रायपुर सीमा पर महानदी के पास 7 जून 2024 की दरमियानी रात हुई भीड़ हत्या में सहारनपुर उत्तर प्रदेश के चांद मियां, गुड्डू खान और सद्दाम कुरैशी को बेदम पीटा गया था। जिसमें चांद मिया और गुड्डु खान की मौके पर ही मौत हो गई थी, वहीं सद्दाम कुरैशी ने 18 जून को अस्पताल में दम तोड़ा। मामले में पुलिस प्रशासन ने 14 सदस्यीय विशेष जांच दल का गठन किया है। लेकिन 15 दिन बीत जाने के बावजूद अब तक गिरफ्तारी नहीं होने पर समाज में आक्रोश की स्थिति है। यह आक्रोश आज मोतीबाग रायपुर में दिखा। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर पूरे प्रदेश में आंदोलन के विस्तार की बात कही है। वहीं तीनों मृतक के पीड़ित परिवार जनों को उपयुक्त मुआवजा प्रदान करने की मांग की गई।

सभा को मुस्लिम समुदाय से फहीम शेख,सोहेल अशरफी, राहिल रउफी,नसीम,सलमान रजा, अल्तमश सिद्दीकी और नोअमान अकरम, जन संघर्ष मोर्चा छत्तीसगढ़ की ओर से तुहिन देव व श्री गिल ने संबोधित किया। जन संघर्ष मोर्चा के संयोजक प्रसाद राव,कलादास डहरिया,सज्जाद हुसैन,सौरा यादव और दिलीप उमरी ने क्रांतिकारी जनगीत गाकर प्रदर्शनकारियों का उत्साहवर्धन किया।

Related Articles

Back to top button