जिला पंचायत अध्यक्ष शालिनी यादव ने किया स्वास्थ्य केंद्र का आकस्मिक निरीक्षण

दुर्ग(khabar warrior)- दुर्ग जिला पंचायत अध्यक्ष शालिनी रिवेंद्र यादव का आकस्मिक दौरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रसमड़ा में हुआ जहां उन्होंने कोरोना से संबंधित सभी प्रकार की जानकारी व जायजा स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी से ली व क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर व्यापक रूप से समीक्षा की वही क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों ने शौचालय की जरूरत, मरीजों के लिए उचित शेड, वाहन हेतु स्टैंड व तीस वर्ष पुराने भवन सहित स्टोर रूम की ओर ध्यान आकृष्ट किया जिस पर जिला पंचायत अध्यक्ष ने उचित कार्यवाही की बात कही।
क्षेत्रीय जनपद सदस्य अजय वैष्णव ने भवन में गुणवत्ता हीन निर्माण कार्य, अस्पताल जैसे निर्माण में लापरवाही की ओर ध्यान आकृष्ट किया। हमारे वेब पोर्टल खबर वारियर्स में एक दिन पहले ही प्रकाशित खबर जिसमें अस्पताल में उचित संसाधनों की जरूरत पर प्रकाश डाला गया था। इसी खबर के चलते यह दौरा आकस्मिक रूप से की गई। क्षेत्र में प्रसूति के मामले में यह स्वास्थ्य केंद्र कीर्तिमान स्थापित कर रहा है लेकिन जर्जर भवन प्रशासनिक व्यवस्था की पोल भी खोलता है।

विदित हो कि जर्जर भवन को देखते हुए ही एक नए भवन का निर्माण किया गया था लेकिन छत में सीपेज, दीवार में दरार के कारण नया भवन में वार्ड के बजाय स्टोर रूम बन कर रह गया है। वैक्सीनेशन से लेकर कोरोना जांच आदि के लिए पुराने भवन का ही उपयोग किया जा रहा है।
आपको बता दें कि जिला पंचायत अध्यक्ष के निर्वाचन क्षेत्र अंतर्गत सभी गांव से यहां प्रसूति के लिए महिलाएं पहुंचती है लेकिन समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण यह अस्पताल बदहाली से भी गुजर रहा है।

अस्पताल के लिए खाली जमीन पड़ी है जिस पर बेहतर व्यवस्था की जा सकती है। जिला पंचायत अध्यक्ष के निरीक्षण के मौके पर रिवेंद्र यादव, जनपद सदस्य अजय वैष्णव, लालजी गुप्ता, उपसरपंच नंदकुमार साहू, सहित स्वास्थ्य केंद्र की प्रभारी ज्योत्सना भारती, डाक्टर चंद्रशेखर आदि मौजूद रहे।
यहां लगभग 90 मरीजों के कोरोना जांच में लगभग 39 मरीज कोरोना पॉजिटिव आए हैं वही 700 मरीजों को प्रथम डोज की वैक्सीन लग चुकी है और आगे भी यह काम तीव्र गति से चल रहा है।



