छत्तीसगढ़

गोबरा नवापारा के CMO ने टेंडर निकालने में की गड़बड़ी, मंत्री से शिकायत के बाद निलंबित किया गया

रायपुर(खबर वारियर)- नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने गोबरा नवापारा नगर पालिका के CMO भूपेन्द्र उपाध्याय को निलंबित कर दिया है। निलंबित CMO के खिलाफ टेंडर प्रक्रिया में गड़बड़ी व लापरवाही करने की शिकायत आई थी। नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ. शिव कुमार डहरिया ने कहा, इस तरह की गड़बड़ी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

अधिकारियों ने बताया, गोबरा नवापारा नगर पालिका में मुख्य कार्यपालन अधिकारी रहते हुए भूपेन्द्र उपाध्याय ने 28 नवम्बर 2020 को 14 वें वित्त आयोग के तहत 34 कार्यों की निविदा प्रकाशित कराई थी। इसके तहत कुल 279.78 लाख रुपए का काम होना था।

CMO ने इस टेंडर के आवेदन के लिए फार्म लेने की तिथि केवल चार दिन के अंतराल पर निर्धारित की गई। निविदा सूचना तिथि के प्रकाशन और आवेदन प्रस्तुत करने की तिथि मात्र चार दिन रखा गया था। इस मामले की शिकायत नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ. शिव कुमार डहरिया से हुई। मंत्री ने विभागीय अधिकारियों को मामले को संज्ञान लेने के साथ आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए थे।

विभाग ने संयुक्त संचालक क्षेत्रीय कार्यालय नगरीय प्रशासन से कराई। जांच में पाया गया कि CMO भूपेंद्र उपाध्याय ने निविदा की राशि एवं योजना के महत्व को दृष्टिगत रखते हुए गंभीर लापरवाही की है।

जांच रिपोर्ट के आधार पर नगरीय प्रशासन विभाग ने भूपेंद्र उपाध्याय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि में उन्हें संयुक्त संचालक नगरीय प्रशासन एवं विकास, क्षेत्रीय कार्यालय रायपुर में अटैच किया गया है।

Related Articles

Back to top button