मानसून हुआ सक्रिय,अगले 48 घंटे में व्यापक वर्षा की संभावना

रायपुर(खबर वारियर)दक्षिण पश्चिम मानसून मध्य अरब सागर के शेष भाग, उत्तर पूर्व अरब सागर के कुछ हिस्से, गुजरात तथा दादरा और नगर हवेली तक पहुंच गया है। मॉनसून मुंबई सहित महाराष्ट्र के शेष भाग, मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों, छत्तीसगढ़ और झारखंड के अधिकांश भाग तथा बिहार के कुछ और भागों तक भी बढ़ गया है।
मौसम विभाग ने दक्षिण पश्चिम मॉनसून के अगले 48 घंटों में उत्तर अरब सागर, गुजरात और मध्य प्रदेश के अन्य भाग, छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार के शेष भाग तथा पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ भागों तक पहुंचने का अनुमान व्यक्त किया है।
महाराष्ट्र, गुजरात, मध्य और पूर्वी भारत के अधिकांश हिस्सों में अगले चार-पांच दिन तक मॉनसून की व्यापक वर्षा होने की संभावना है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार अगले दो से तीन दिन तक कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र और गुजरात में भारी वर्षा हो सकती है।