छत्तीसगढ़राजधानी

भाजपा ने चलाया किसान विरोधी भूपेश सरकार कैंपेन

रायपुर(खबर वारियर)- भाजपा ने सोशल मीडिया पर किसान विरोधी भूपेश सरकार कैंपेन शुरू किया है। इसमें प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय सहित अन्य नेताओं ने ट्वीट करके सरकार को घेरा है। भाजपा ने ट्वीट किया-दो साल अभिमान की बात करते करते छत्तीसगढ़ के किसानों का अपमान करने पर आतुर इस अन्यायी कांग्रेस सरकार को हमारे किसान ही “एक थी कांग्रेस” कर देंगे। वक्त है पछतावे का। इसके साथ ही भाजपा ने ट्वीट किया-दाऊ ने ‘जनपथ’ की जेब भरते-भरते राज्य की तिजोरी खाली कर दी है, जिसकी वजह से किसान भाइयों को उनकी मेहनत का पैसा नहीं मिल पा रहा है। मुख्यमंत्री जी, कांग्रेस आलाकमान को खुश करते करते आपने प्रदेश के किसानों की जिंदगी में दुख भर दिया है।

विष्णु देव साय ने कहा कि जब सरकार को पता है कि इस सीजन में 4.45 लाख गठान बारदाने की जरूरत है, जिसमे 3.30 लाख पहले से हैं, तो समय रहते ही बाकी बारदानों की व्यवस्था क्यों नही की गई। भूपेश सरकार की नीयत में ही खोट है। राजनांदगांव सांसद संतोष पांडे ने ट्वीट किया-पिछले 2 वर्ष के कार्यकाल में छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार ने केवल जनता को ठगा है।

किसानों को कर्ज माफी के नाम पर, युवाओं को रोजगार के नाम पर, महिलाओं को शराब बंदी के नाम पर और बेटियों को सुरक्षा के नाम पर किसान विरोधी भूपेश सरकार है। राज्यसभा सदस्य सरोज पांडेय ने लिखा-छत्तीसगढ़ में भूपेश सरकार की लापरवाही के कारण लगातार किसानों की आत्महत्या हो रही है। किसानों का घर उजाड़ना बंद करो भूपेश सरकार।

भाजपा के प्रदेश मंत्री ओपी चौधरी ने कहा, किसान ल नई मिलत हे बारदाना, खाली हो गये भूपेश के खजाना। वहीं, भाजपा आईटी सेल के प्रदेश अध्यक्ष दीपक म्हस्के ने ट्वीट किया-किसानों का रकबा हड़पने का षड्यंत्र रचने में संवेदनहीन कांग्रेस सरकार। मुख्य मंसूबा धान खरीदी से बचने का है, जिसके चलते खुद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के क्षेत्र में किसान धनीराम जी ने खुदकुशी कर ली। आखिर कब तक प्रदेश का किसान होगा आत्महत्या को मजबूर?

Related Articles

Back to top button