छत्तीसगढ़

अंतागढ़ में हुई SSB और नक्सलियों के बीच मुठभेड़, 3 नक्सली हुए है ढ़ेर

अंतागढ़(ख़बर वारियर)- छत्तीसगढ़ के कांकेर में सोमवार सुबह सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस मुठभेड़ में जवानों ने 3 नक्सलियों को मार गिराया है। मौके से कई हथियार भी बरामद हुए हैं। वहीं एक जवान के घायल होने की भी सूचना है। अभी तक मुठभेड़ को लेकर ज्यादा जानकारी सामने नहीं आ सकी है।

जानकारी के मुताबिक, मुठभेड़ तडोकी थाना क्षेत्र में हुई है। SSB-32 बटालियन और DRG के जवान रुटीन सर्चिंग पर निकले थे। इसी दौरान के कोसरोंडा में घात लगाए नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई की। बताया जा रहा है कि इसमें 3 नक्सली मारे गए, जबकि एक जवान घायल हो गया है।

सर्चिंग में आटोमैटिक गन सहित अन्य हथियार मिले

मुठभेड़ में एक महिला नक्सली भी मारी गई है। जवानों ने सभी के शव बरामद कर लिए हैं। हालांकि उनकी अभी तक शिनाख्त नहीं हो सकी है। जवानों ने मौके से 6 हथियार बरामद किए हैं। इनमें AK-47, SLR, 12 बोर की बंदूक, आटोमैटिक गन शामिल है। फिलहाल क्षेत्र में जवान लगातार सर्चिंग कर रहे हैं।

तेलंगाना बॉर्डर पर नक्सली लीडरों का मूवमेंट बढ़ा

बताया जा रहा है कि छत्तीसगढ़ से लगती सीमा पर तेलंगाना के नक्सली लीडरों का मूवमेंट बढ़ा है। कई बड़े लीडर मौजूद हो सकते हैं। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। बस्तर क्षेत्र में लगातार सुरक्षाबलों और पुलिस का नक्सलियों के खिलाफ ऑपरेशन जारी है। इसके कारण नक्सली शांत पड़े हुए हैं। पुलिस का दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है।

Related Articles

Back to top button