छत्तीसगढ़

पत्रकार भवन के लिए भूमि आवंटन और निर्माण में अरुण साव ने सहयोग का दिया भरोसा

प्रादेशिक पत्रकार सम्मेलन में तथ्यपरक और जिम्मेदार पत्रकारिता पर दिया गया जोर

बिलासपुर– लखीराम अग्रवाल ऑडिटोरियम बिलासपुर में 27 नवंबर को छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार संघ का वृहद प्रादेशिक सम्मेलन संपन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उप मुख्यमंत्री अरुण साव उपस्थित थे।कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष अरविंद अवस्थी ने की।इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने अपने उदबोधन में कहा कि पत्रकार जनसमस्याओं की आवाज बनकर समाज को दिशा देते हैं। दूरस्थ क्षेत्रों की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने और उनके समाधान का मार्ग प्रशस्त करने में पत्रकारों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने समाचार के प्रकाशन एवं प्रसारण से पहले तथ्यों की पुष्टि करने और समाज पर उसके संभावित प्रभाव का ध्यान रखने का आह्वान किया।

उप मुख्यमंत्री ने संविधान दिवस का उल्लेख करते हुए कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के साथ जिम्मेदारी भी जुड़ी है। किसी व्यक्ति से संबंधित समाचार के प्रकाशन से पहले पूरी पड़ताल आवश्यक है, क्योंकि अपुष्ट जानकारी से उसकी प्रतिष्ठा प्रभावित हो सकती है। उन्होंने पत्रकारिता को तपस्या बताते हुए कठिन परिस्थितियों में भी जनहित के मुद्दों को सामने लाने वाले पत्रकारों का अभिनंदन किया।

बिलासपुर और रायपुर में पत्रकार भवन के लिए भूमि की मांग पर साव ने संघ से दोनों शहरों में भूमि चिह्नित कर खसरा नंबर एवं राजस्व अभिलेखों के साथ संबंधित कलेक्टर को आवेदन देने का आग्रह किया। उन्होंने भूमि आवंटन की प्रक्रिया में शासन की ओर से सहयोग का भरोसा दिलाया। भूमि आवंटन के बाद भवन निर्माण के लिए राशि उपलब्ध कराने में भी सहयोग की बात कही। उन्होंने बताया कि बिलासपुर की पत्रकार कॉलोनी में सड़क एवं नाली निर्माण के लिए भूमिपूजन हो चुका है और इन कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।

विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि पत्रकारिता नागरिकों तक आवश्यक जानकारी पहुंचाने और जनसमस्याओं से प्रशासन को अवगत कराने का सशक्त माध्यम है। समस्याओं को तथ्यपरक ढंग से सामने रखने से जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासन के साथ संवाद के जरिए समाधान निकालने में मदद मिलती है।

संघ के प्रदेश अध्यक्ष अरविंद अवस्थी ने पत्रकार सुरक्षा कानून और पत्रकार बीमा योजना लागू करने, पत्रकार सम्मान निधि के नियम सरल बनाने तथा आर्थिक सहायता की राशि बढ़ाने की मांग रखी।

सम्मेलन में संघ के संयोजक राजेश मिश्रा, निर्मल सलूजा, रामाधार पटेल, मनोज मिश्रा, रवि शुक्ला, निर्मल शुक्ला, अरविंद शुक्ला, इरशाद अली, मोहित जायसवाल, डॉ. तिलक राम साहू, चंद्र प्रकाश सूर्या, राजेश सिंह एवं प्रदेश भर से आये पत्रकार साथियों सहित गणमान्य नागरिक मौजूद थे। संघ के कोषाध्यक्ष अनिल पवार ने आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Back to top button