एग्रीकल्चरछत्तीसगढ़

किसानों की मांगों को लेकर भारतीय किसान यूनियन छत्तीसगढ़ एवं संयुक्त किसान मोर्चा ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

MSP की कानूनी गारंटी, संपूर्ण कर्जमाफी, फसल नुकसान का मुआवजा और किसानों के अधिकारों की रक्षा सहित सात सूत्रीय मांगें उठाईं

महासमुंद (खबरवारियर ) राष्ट्रीय किसान संघर्ष दिवस एवं संविधान दिवस के अवसर पर भारतीय किसान यूनियन छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष कृष्ण चंद्राकर के नेतृत्व में पदाधिकारी रोशन चंद्राकर, महेंद्र बंजारे, पंकज मनी चंद्राकर एवं अन्य किसान साथियों के साथ जिला पंचायत सदस्य जागेश्वर जुगनू चंद्राकर कलेक्टर कार्यालय महासमुंद पहुंचे और राष्ट्रपति एवं मुख्यमंत्री के नाम किसानों की विभिन्न समस्याओं एवं मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा।

इस अवसर पर किसान नेताओं ने कहा कि देश का किसान आज बढ़ती कृषि लागत, प्राकृतिक आपदाओं, कर्ज के बोझ, फसल के उचित मूल्य की कमी और फसल बीमा कंपनियों की उदासीनता से जूझ रहा है। किसानों की समस्याओं का समाधान केवल घोषणाओं से नहीं, बल्कि ठोस निर्णय और जमीनी स्तर पर आर्थिक सहायता से ही संभव है।

भारतीय किसान यूनियन छत्तीसगढ़ की प्रमुख मांगें

1. खरीफ वर्ष 2026-27 के लिए धान का समर्थन मूल्य बढ़ाकर ₹3,358 प्रति क्विंटल निर्धारित किया जाए।
2. अरनब सहित चक्रवाती तूफानों एवं असमय बारिश से प्रभावित किसानों का संपूर्ण कृषि कर्ज माफ किया जाए तथा ₹65,100 प्रति एकड़ मुआवजा दिया जाए।
. फसल बीमा योजना की विसंगतियों को दूर कर किसानों को वास्तविक बीमा लाभ दिया जाए। बीमा कंपनियों की कार्यप्रणाली की जांच कर दोषी कंपनियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए।

संयुक्त किसान मोर्चा की सात प्रमुख मांगें

1. मुक्त व्यापार समझौते रद्द किए जाएं:
भारत-अमेरिका मुक्त व्यापार समझौते सहित सभी मौजूदा मुक्त व्यापार समझौतों को रद्द किया जाए।

2. MSP की कानूनी गारंटी:
स्वामीनाथन आयोग की सिफारिश के अनुसार C2 लागत पर 50 प्रतिशत लाभ जोड़कर न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) का कानून बनाया जाए तथा सभी फसलों की सरकारी खरीद की गारंटी दी जाए।

3. संपूर्ण कर्जमाफी एवं बीमा:
किसानों का पूरा कर्ज माफ किया जाए तथा ग्रामीण कर्ज का बोझ समाप्त किया जाए। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (PMFBY) को खत्म कर सार्वजनिक क्षेत्र में फसल एवं पशुधन बीमा निगम (Crop and Livestock Insurance Corporation) का गठन किया जाए। शहीद किसानों के परिवारों को 25 लाख रुपये मुआवजा दिया जाए।

4. किसान विरोधी कानून वापस लिए जाएं:
बिजली निजीकरण विधेयक 2025, बीज विधेयक 2025, NCDC Act 2026, MMDR Act 2026 और NFSA संशोधन विधेयक वापस लिए जाएं। सार्वजनिक क्षेत्र के निजीकरण पर रोक लगाई जाए तथा प्रीपेड स्मार्ट मीटर योजना बंद की जाए।

5. किसानों की जमीन और भूमि अधिकारों की रक्षा:

जमीन का जबरन अधिग्रहण एवं कॉरपोरेट समर्थित लैंड पूलिंग बंद की जाए। LARR अधिनियम 2013, वन अधिकार कानून 2006 और PESA 1996 के तहत किसानों एवं आदिवासियों के भूमि अधिकारों की रक्षा की जाए। अधिग्रहित लेकिन इस्तेमाल नहीं हुई जमीन किसानों को वापस लौटाई जाए।

6. श्रमिकों के अधिकार एवं न्यूनतम वेतन:
चारों श्रम संहिताओं (Labour Codes) को रद्द किया जाए तथा सभी श्रमिकों के लिए न्यूनतम ₹42,000 मासिक वेतन सुनिश्चित किया जाए।

7. मनरेगा की बहाली एवं सामाजिक सुरक्षा:
मनरेगा (MGNREGA) को बहाल किया जाए, जिसमें 200 दिनों के काम और ₹700 प्रतिदिन मजदूरी की गारंटी हो। 60 वर्ष से अधिक उम्र के प्रत्येक किसान एवं कृषि मजदूर को ₹21,000 मासिक पेंशन दी जाए। सभी के लिए सामाजिक सुरक्षा और ग्रामीण परिवारों को मुफ्त सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराई जाए।

किसान हितों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं

किसान नेताओं ने कहा कि किसान देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। किसान केवल अपनी फसल का उचित मूल्य नहीं मांग रहा, बल्कि अपने परिवार का सम्मानजनक जीवन, बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य, खेती की सुरक्षा और भविष्य की आर्थिक स्थिरता चाहता है।

आज एक ओर प्राकृतिक आपदाओं से किसानों की फसल बर्बाद हो रही है, वहीं दूसरी ओर किसानों को फसल बीमा और उचित मुआवजे के लिए दफ्तरों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। सरकार की जिम्मेदारी है कि वह किसानों को केवल आश्वासन नहीं, बल्कि वास्तविक राहत और आर्थिक सुरक्षा प्रदान करे।

किसान संगठनों ने सरकार से मांग की कि ज्ञापन में उल्लेखित सभी मांगों पर गंभीरता से विचार कर शीघ्र निर्णय लिया जाए। किसानों और मजदूरों के अधिकारों की रक्षा के लिए संगठन लगातार संघर्ष करता रहेगा।

किसान नेताओं ने स्पष्ट कहा कि किसान की मेहनत का उचित मूल्य, कर्ज से मुक्ति और प्राकृतिक आपदा में सम्मानजनक मुआवजा उसका अधिकार है, कोई सरकारी एहसान नहीं।

Related Articles

Back to top button