देशसेहत

सौ दिन में हर स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र में पहुंचाएं स्वच्छ जल

दिल्ली(खबर वारियर)केंद्रीय जलशक्ति मंत्री ने सभी मुख्यमंत्रियों और उप राज्यपालों से अपील करते हुए पत्र लिखा है। शेखावत ने लिखा, आप अपने राज्य और केंद्र शासित प्रदेश में इस 100 दिनों के अभियान का नेतृत्व करें। इसे जन आंदोलन बनाएं।

उन्होंने बताया कि जल जीवन मिशन का लक्ष्य महिलाओं और बच्चों पर विशेष ध्यान देने के साथ घरों में पानी की आपूर्ति करना है। बच्चों के लिए स्वच्छ जल सुनिश्चित करना मिशन की प्राथमिकता है, क्योंकि वे जल-जनित बीमारियों जैसे टाइफाइड, दस्त, हैजा आदि के लिए अति संवेदनशील होते हैं। अपने प्रारंभिक वर्षों में दूषित जल पीने के कारण बार-बार होने वाले संक्रमण में दुर्बल प्रभाव हो सकते हैं।

केंद्रीय जलशक्ति मंत्री ने लिखा, उन क्षेत्रों में स्थिति बहुत अधिक जटिल है, जहां आर्सेनिक, फ्लोराइड और अन्य भारी धातुओं आदि से जल स्रोत दूषित पाए जाते हैं। लंबे समय तक दूषित पानी पीने से आर्सेनिकोसिस, फ्लोरोसिस जैसी बीमारियां हो सकती हैं, जिससे स्वास्थ्य संबंधी गंभीर समस्याएं पैदा हो सकती हैं।

इन गंभीर मुद्दों से निपटने के लिए स्कूल, आंगनवाड़ी केंद्र, स्वास्थ्य सेवा केंद्र आदि में नल के पानी के कनेक्शन के माध्यम से स्वच्छ जल सुनिश्चित करने के लिए जल जीवन मिशन के तहत प्रावधान किए गए हैं। गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 29 सितंबर को जल जीवन मिशन के ‘लोगो’ को लॉन्च करते समय देश के सभी स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों में स्वच्छ पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने का आह्वान किया था।

Related Articles

Back to top button