कलेक्टर ने सभी कार्यालयों में कोविड एप्रोप्रिऐट बिहेवियर किया लागू

कोविड के रोकथाम हेतु तीन महत्वपूर्ण व्यवहारों पर जोर
रायपुर(खबर वारियर)कलेक्टर रायपुर जिला डॉ एस. भारतीदासन ने कोविड-19 संक्रमण की रोकथाम हेतु तीन महत्वपूर्ण व्यवहारों जैसे मास्क पहनना, दो गज की दूरी रखना और नियमित रूप से हाथ धोना पर व्यापक रूप से जोर दिया है और इसे जिले के सभी कार्यालयों, उनके सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा जिले के सभी प्रकार की सेवा देने वाले डिलेवरी पाइंन्टस जैसे- राशन दुकान, पेट्रोल पंप, आबकारी दुकान इत्यादि में नागरिकों से इन तीनो व्यवहारों का सख्ती से पालन करने को कहा है।
उन्होंने कहा है कि कोविड-19 बीमारी से बचने के लिए ये तीनों व्यवहार काफी सरल होने के साथ-साथ बहुत कारगर उपाय हैं।
कलेक्टर भारतीदासन ने कहा है कि प्रदेश के मुख्य सचिव आर.पी.मण्डल ने कोरोना के रोकथाम के लिए कोविड एप्रोप्रिऐट बिहेवियर पर जोर दिया है जिसमें ये तीनों व्यवहार जैसे मास्क पहनना, दो गज की दूरी रखना और नियमित रूप से हाथ धोना शामिल है।
कलेक्टर ने कहा है कि अगर किसी कार्यालय में अधिकारियों,कर्मचारियों एवं नागरिकों द्वारा इन व्यवहारों का पालन नहीं होगा,तो उनके विरूद्व महामारी रोग अधिनियम, 1897 (1897 का 3) के अधीन कार्यवाही की जाएगी और जुर्माने भी लगाया जाएगा।



