छत्तीसगढ़

मंत्री गुरू रूद्रकुमार शामिल हुए बाबा गुरु घासीदास जयंती व गुरुपर्व कार्यक्रम में

रायपुर(खबर वारियर)- लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी एवं ग्रामोद्योग मंत्री गुरु रुद्रकुमार आज 23 दिसम्बर को दुर्ग जिले के अंजोरा (ढाबा) ग्राम में आयोजित बाबा गुरु घासीदास जी की 264 वी जयंती एवं गुरु पर्व कार्यक्रम में शामिल हुए। इस मौके पर उन्होंने गुरु गद्दी की पूजा अर्चना कर जैतखाम पर पालो चढ़ा कर सत समाज को बाबा गुरु घासीदास जी की जयंती पर्व की शुभकामनाएं और बधाई दी।

मंत्री गुरू रूद्र कुमार ने कहा कि सतनाम पंथ के प्रवर्तक संत शिरोमणि बाबा गुरु घासीदास जी एक सच्चे पथ प्रदर्शक और समाज सुधारक थे। उन्होंने समाज में व्याप्त कुरीतियों, छुआछूत का बहिष्कार कर, अन्य जीवों के प्रति करुणा भाव, प्रेम और सदभाव रखने का संदेश दिया। उनका संपूर्ण जीवन मानव कल्याण के लिए समर्पित रहा है।

उनके बताए मार्ग पर चलकर और उनके आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने से खुशहाली आएगी। उन्होंने बाबा गुरु घासीदास जी के जीवन पर प्रकाश डालते हुए लोगों से अपील की कि श्रद्धा, सत्य और अहिंसा के साथ ऐसा कार्य करना चाहिए जिससे किसी को कोई तकलीफ ना पहुंचे। साथ ही साथ सभी को अपने जीवन में अपने कर्मों को श्वेत पालों की तरह साफ, सुंदर, स्वच्छ और बेदाग रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि बाबा गुरु घासीदास जी द्वारा दिए गए संदेश मनखे-मनखे एक समान आज और भी ज्यादा प्रासंगिक हो गया है।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री गुरु रुद्रकुमार को संत समाज और अंजोरावासियों ने मूलभूत समस्याओं से अवगत कराया। ग्रामवासियों की मांग पर उन्होंने सतनाम सामुदायिक भवन में सांस्कृतिक मंच निर्माण, मुख्यमंत्री गौरवपथ निर्माण और गांव के प्रत्येक घर मे नल जल कनेक्शन देने की घोषणा की।

इस अवसर पर दुर्ग जिला पंचायत अध्यक्ष शालिनी यादव, दुर्ग जनपद सभापति सरस्वती सेन, पूर्व जिला पंचायत सदस्य जयंत देशमुख, जिला ग्रामीण कांग्रेस सचिव धर्मेश देशमुख, सरपंच गजेंद्र सिरसा सहित संतसमाज के पदाधिकारी और सर्वसमाज के लोग उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button