छत्तीसगढ़

डोंगरगढ़ में रोपवे की ट्राली टूटकर गिरी, एक श्रमिक की मौत, राहत बचाव कार्य जारी

रायपुर(खबर वारियर)- छत्तीसगढ़ में राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ में प्रसिद्ध मां बम्लेश्वरी मंदिर के रोपवे की एक ट्राली बुधवार शाम करीब सवा सात बजे टूटकर पहाड़ी पर गिर गई। इसमें सवार मजदूर डोेंगरगढ़ निवासी गोपी पिता सुखीराम पटौदी (33) की मौत हो गई। डोंगरगढ़ में इसके पहले वर्ष 2015 में भी रोपवे टूटा था। तब तीन दर्शनार्थी घायल हुए थे। इनमें से एक महिला की इलाज के दौरान रायपुर में मौत हो गई थी।

पहाड़ी पर विराजित मां बम्लेश्वरी मंदिर में दर्शनार्थियों के लिए रोपवे सुविधा शाम छह बजे बंद कर दी जाती है। उसके बाद जरूरत के सामानों को लाने-ले जाने का काम कराया जाता है। बुधवार शाम को मंदिर ट्रस्ट का मजदूर रोज की तरह सामानों को लेकर ट्राली से ऊपर मंदिर गया था। वापसी के दौरान रास्ते में दो में से वह एक ट्राली टूटकर पहाड़ी पर जा गिरी जिसमें मजदूर सवार था। कर्मचारियों को यह खबर तब लगी, जब स्टेशन में एक ही ट्राली पहुंची। इसके बाद हड़कंप मच गया। मंदिर ट्रस्ट ने तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचना दी। तत्काल रेस्क्यू शुरू किया गया। घंटे भर की मशक्कत के बाद घायल मजदूर को निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

मालवाहक ट्राली में मजदूर कैसे

ऊपर जा रही ट्राली में लोहे की राड भरी थी. बताया गया कि ऊपर मंदिर में एक भवन का निर्माण हो रहा है, जिसके लिए ट्राली से राड भेजी जा रही थी। जिस ट्राली में मंदिर ट्रस्ट का कर्मचारी बैठा था, उसमें भी कुछ सामान नीचे लाने के लिए डाला गया था। उसमें क्या व कितने वजन का सामान था, यह ट्रस्ट के पदाधिकारी भी स्पष्ट नहीं कर पा रहे हैं। एसडीएम अविनाश भोई ने बताया कि हादसा मालवाहक ट्राली में हुआ है। इसका उपयोग सिर्फ सामान लाने-ले जाने के लिए ही किया जाता है। उसमें मजदूर कैसे सवार था, जांच में पता चलेगा। मंदिर ट्रस्ट के नवनीत तिवारी का कहना है कि अभी कुछ भी स्पष्ट नहीं है। सुबह ही स्थिति साफ हो सकेगी।

डोंगरगढ़ मंदिर में बड़ा हादसा: रोपवे की ट्रॉली टूटकर पहाड़ में गिरी, सवार मजदूर की मौके पर मौत

जांच कर रहे हैं

कलेक्टर टीके वर्मा ने बताया कि दुर्घटना के समय ट्राली पर एक ही व्यक्ति सवार था। गंभीर चोट व खून ज्यादा बहने के कारण मौत होने की जानकारी मिली है। ट्राली जाते या आते समय टूटी, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। हादसे की जांच कराई जा रही है। एसडीएम से निरंतर जानकारी ली जा रही है।

Related Articles

Back to top button