राजधानी

कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय का दीक्षांत समारोह आज, पूर्वाभ्यास में दिखा विद्यार्थियों का अपूर्व उत्साह

रायपुर (खबर वारियर) कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय, रायपुर का पंचम दीक्षांत समारोह 30 मई 2022 को पूर्वान्ह 11.30 बजे पं. दीनदयाल उपाध्याय आडिटोरियम, शासकीय विज्ञान महाविद्यालय परिसर, जी. ई. रोड, रायपुर में आयोजित किया जाएगा। समारोह की मुख्य अतिथि राज्यपाल एवं कुलाधिपति सुश्री अनुसुईया उइके रहेंगी। विशिष्ट अतिथि उच्च शिक्षा मंत्री उमेश पटेल , संत रविशंकर महाराज (श्री रावतपुरा सरकार) व महापौर एजाज ढेबर होंगे। समारोह में सुप्रसिद्ध पत्रकार एवं ब्रॉडकास्ट एडिटर्स एसोसिएशन के पूर्व महासचिव एन. के. सिंह  दीक्षांत उद्बोधन देंगे। समारोह की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बल्देव भाई शर्मा करेंगे। समारोह में विश्वविद्यालय की कार्य परिषद एवं विद्या परिषद के माननीय सदस्य भी शामिल रहेंगे।

रविवार को दीक्षांत समारोह का पूर्वाभ्यास समारोह स्थल पं. दीनदयाल उपाध्याय आडिटोरियम में किया गया जिसमें छात्र छात्राओं ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर खूब उत्साह दिखाया। इस दौरान कुलपति प्रो. बल्देव भाई शर्मा, कुलसचिव डा. आनंद शंकर बहादुर, कबीर विकास संचार अध्ययन केन्द्र के अध्यक्ष कुणाल शुक्ला, विद्यापरिषद के सदस्य एवं समारोह के लिए पंजीकृत स्वर्ण पदक, उपाधि, प्रावीण्य प्रमाण पत्र प्राप्त करने वाले छात्र- छात्राओं ने दीक्षांत समारोह का पूर्वाभ्यास किया। समारोह की तैयारियों से संबद्ध सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों ने भी तैयारियों को अंतिम रूप दिया।

पंचम दीक्षांत समारोह में वर्ष 2019, 2020 व 2021 के बीच पी-एच.डी. के 2, स्नातकोत्तर के 345 एवं स्नातक के 584 विद्यार्थियों को उपाधि प्रदान की जाएगी। इनमें 29 विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक एवं 29- 29 विद्यार्थियों को द्वितीय व तृतीय प्रावीण्य प्रमाण पत्र भी प्रदान किए जाएंगे। दीक्षांत समारोह में छात्रों के लिए सफेद कुर्ता, पायजामा, पगड़ी व दुपट्टा तथा छात्राओं के लिए कोसा रंग की साड़ी व दुपट्टा परिधान है।

Related Articles

Back to top button