शिक्षक संवर्ग की इन मांगों को लेकर शिक्षक संघर्ष मोर्चा ने विधायक नीलकंठ टेकाम को सौंपा ज्ञापन
विधायक ने मांगों के निराकरण के लिए मुख्यमंत्री को लिखा पत्र

केशकाल – छत्तीसगढ़ शिक्षक संघर्ष मोर्चा के प्रांतीय निर्णयानुसार 7 सितम्बर को मोर्चा के पदाधिकारियों ने प्रांतीय संयोजक केदार जैन के नेतृत्व में शिक्षक संवर्ग की पांच सूत्रीय मांगों के निराकरण को लेकर विधायक कार्यालय केशकाल में विधायक नीलकंठ टेकाम को ज्ञापन सौंपा।
विधायक के साथ शिक्षक प्रतिनिधियों के बीच लगभग आधे घंटे की चर्चा में 5 बिंदुओं की मांगों पर विस्तार से चर्चा हुई जिसपर विधायक ने शिक्षक संवर्ग की मांगों की गंभीरता को समझते हुए अतिशीघ्र एक प्रतिनिधिमंडल को प्रदेश के मुख्यमंत्री, वित्त मंत्री एवं शिक्षा मंत्री से मुलाकात करवाने की बात कही।
इन मांगों को लेकर सौंपे गए ज्ञापन :
1- 2012 के पूर्व नियुक्त शिक्षकों को टेट से मुक्ति एवम पदोन्नति में टेट की अनिवार्यता को समाप्त करना।
2- प्रथम नियुक्ति तिथि से सेवा की कर पुरानी पेंशन समेत समस्त लाभ प्राप्त करना ।
3-प्रदेश के शिक्षकों को केंद्रीय वेतनमान का लाभ देना।
4- 13 फरवरी 2026 के राजपत्र को संशोधित करना।
5-प्रदेश के शिक्षकों को बीएड ब्रिज कोर्स कराना।
प्रतिनिधिमंडल में केदार जैन प्रांतीय संयोजक के नेतृत्व में रोशन हिरवानी ,अखिलेश रॉय, श्रवण मरकाम,सदाराम चतुर्वेदनी अमित मंडावी, शुभाऊ नेताम,रामसिंह मरापी,शोऐब अली,दिनेश टेकाम,चन्द्र किशोर सलामे,व्यास साहू,संवारू गावड़े,रामसिंह नेताम,बाबूलाल नाग,केशकाल सहित सैंकड़ो की संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।
विधायक श्री नीलकंठ टेकाम ने शिक्षकों की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए शासन स्तर एवं उचित स्तर पर आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया।


