छत्तीसगढ़

लोकतान्त्रिक व्यवस्था पर  उठते सवाल, संगोष्टी और धरना प्रदर्शन जारी

आचार्य नरेंद्र देव स्मृति जन अधिकार अभियान समिति ने छेड़ी मुहीम

भिलाई (khabarwarrior) आचार्य नरेंद्र देव स्मृति जन अधिकार अभियान समिति द्वारा महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर वैचारिक गोष्ठी एवं धरना प्रदर्शन का आयोजन किया गया।

भिलाई के सुपेला स्थित लोकनायक जयप्रकाश नारायण चौक पर आयोजित इस कार्यक्रम में पूर्व राज्य मंत्री बदरुद्दीन कुरैशी, शिक्षाविद् डी.एन. शर्मा, अधिवक्ता जमील अहमद तथा कार्यक्रम संयोजक आर.पी. शर्मा सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।

कार्यक्रम के दौरान महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके बाद “केंद्रीय चुनाव आयोग और हमारा लोकतंत्र” विषय पर वैचारिक गोष्ठी आयोजित की गई, जिसमें वक्ताओं ने देश में मताधिकार से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर अपने विचार रखे।

वक्ताओं ने कहा कि मताधिकार लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में मताधिकार को लेकर वर्तमान में जो परिस्थितियां निर्मित हुई हैं, उसके लिए केंद्रीय चुनाव आयोग की भूमिका पर सवाल उठते हैं। वक्ताओं का कहना था कि प्रत्येक पात्र नागरिक को अपने मताधिकार का प्रयोग करने का अवसर मिलना चाहिए और किसी भी नागरिक को उसके मताधिकार से वंचित करना संविधान की भावना के विपरीत है।

कार्यक्रम के पश्चात आचार्य नरेंद्र देव स्मृति जन अधिकार अभियान समिति की ओर से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में मुख्य निर्वाचन आयुक्त को तत्काल पद से हटाने तथा उनके विरुद्ध महाभियोग की कार्रवाई किए जाने की मांग की गई।

प्रदर्शन में त्रिलोक मिश्रा, सूबेदार सिंह, जेएन राय, नन्द, सुरेखा नागवंशी, किशोर, हरी प्रताप, संतोष सिंह, कुलदीप सिंह, कपिलदेव प्रसाद, दक्ष यादव, सत्यनारायण यादव, भुवनेश्वर यादव उपस्थित थे.

Related Articles

Back to top button