सदन में फोन का इस्तेमाल विशेषाधिकार का उल्लंघन, होगी कार्रवाई; राज्यसभा अध्यक्ष ने दी चेतावनी

नेशनल(खबर वारियर)- राज्यसभा अध्यक्ष (Rajya Sabha Chairman) एम. वेंकैया नायडू (M. Venkiah Naidu) ने बुधवार को सदन के सदस्यों को रिकॉर्डिंग के लिए फोन का इस्तेमाल करने पर चेताया। अध्यक्ष ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि सदन की कार्यवाही को मोबाइल फोन से रिकार्ड न करें यह सांसदों को मिले विशेष अधिकार का उल्लंघन है। उन्होंने मीडिया हाउसेज को भी इस तरह की रिकॉर्डिंग का इस्तेमाल ब्रॉडकास्टिंग के लिए करने से बना किया। सदन के अध्यक्ष ने कहा, ‘मोबाइल फोन का इस्तेमाल विशेषाधिकार का उल्लंघन है और मीडिया को भी इस तरह की रिकॉर्डिंग का इस्तेमाल न करने की सलाह दी जाती है।’
अध्यक्ष ने कहा, ‘सदन में फोन का इस्तेमाल प्रतिबंधित है। ऐसी जानकारी मिली है कि कुछ सदस्य मोबाइल फोन से सदन की कार्यवाही रिकॉर्ड कर रहे हैं। सदस्यों को इस तरह की अनुचित गतिविधियों से दूर रहना चाहिए, सदन की कार्यवाही की इस तरह रिकॉर्डिंग और सोशल मीडिया पर इसके प्रसार से विशेषाधिकार हनन और सदन की अवमानना हो सकती है। ऐसा व्यवहार संसदीय मर्यादा के खिलाफ है, जो लोग ऐसा कर रहे हैं उनके खिलाफ कार्रवाई होगी।’
दरअसल, मंगलवार को सदन में हुई नारेबाजी को कुछ सदस्यों ने अपने फोन में रिकॉर्ड किया और सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। विपक्ष ने मंगलवार को सदन स्थगित करने पर विवश कर दिया था। सोमवार को वित्त मंत्री द्वारा बजट पेश किए जाने के बाद मंगलवार को जब सदन की कार्यवाही शुरू हुई तब विपक्ष की ओर से कृषि कानूनों को लेकर दिए गए सस्पेंशन नोटिस को राज्यसभा अध्यक्ष ने खारिज कर दिया जिसके बाद हंगामा शुरू हुआ।
राज्यसभा अध्यक्ष ने किसानों के मुद्दे को लेकर हंगामा कर रहे आम आदमी पार्टी (AAP) के तीनों सांसद संजय सिंह (Sanjay Singh), सुशील कुमार गुप्ता (Sushil Kumar Gupta) और एन.डी. गुप्ता (ND Gupta)को बुधवार को दिन भर के लिए निष्कासित (Suspend) कर दिया गया।



