प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना: रोजगारमूलक ट्रेड में मुफ्त प्रशिक्षण के लिए आवेदन शुक्रवार तक

रायपुर(खबर वारियर)- प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के तहत रायपुर जिले के युवाओं के लिए आईटीआई माना में निश्शुल्क कौशल प्रशिक्षण का आयोजन किया जा रहा है। इसके अंतर्गत इलेक्ट्रिकल वाइंडर और इलेक्ट्रिकल टेक्नीशियन ट्रेड में अभ्यर्थियों को निश्शुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा। अभ्यर्थियों के लिए योग्यता 10वीं कक्षा उत्तीर्ण एवं आयु सीमा 18 वर्ष से 45 वर्ष निर्धारित की गई है।
आवेदक 15 जनवरी तक प्राचार्य आईटीआई माना अथवा जिला कौशल विकास प्राधिकरण के कलेक्ट्रेट रायपुर परिसर स्थित कार्यालय में आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा मोबाइल नंबर 9826403108 और 9827881910 में भी अपना नाम, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर, पता, कोर्स का नाम एवं शैक्षणिक योग्यता लिखकर व्हाट्सअप या एसएमएस के द्वारा भेजकर भी आवेदन कर सकते हैं।
अभ्यर्थियों की प्रशिक्षण अवधि चार माह की होगी। इस दौरान उन्हें सैद्धांतिक एवं प्रायोगिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। गौरतलब है कि कोरोना काल में अभी तक जिले में एक भी युवा को प्रशिक्षण नहीं दिया जा सका है। ऐसे में जब वायरस संक्रमण के मामले में रायपुर लॉकडाउन जैसी पाबंदियों से मुक्त हो चुका है। लिहाजा, युवाओं को फिर से प्रशिक्षण देने की योजना बनाई गई है।
मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना में डिजिटल सर्टिफिकेट
इधर, मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना से प्रशिक्षित हितग्राहियों की सुविधा के लिए डिजिटल सर्टिफिकेट प्रदान किया जा रहा है। मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना छत्तीसगढ़ राज्य कौशल विकास प्राधिकरण के अंतर्गत संचालित की जा रही है। योजना के बेहतर क्रियान्वयन, पादर्शिता एवं प्रशिक्षित हितग्राहियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ऑनलाइन डिजिटल सर्टिफिकेट उपलब्ध कराया जाएगा।
प्रशिक्षित हितग्राही राज्य कार्यालय की वेबसाइट http//cssda.cg.nic.in पर 15 जनवरी से सर्टिफिकेट प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए हितग्राही वेबसाइट पर अपना रोल नंबर अथवा नाम के साथ जन्मतिथि और मोबाइल नम्बर अपलोड कर प्रमाण-पत्र डाउनलोड कर सकते हैं।



