DRDO की बड़ी सफलता, भारतीय सेना के लिए तैयार मिसाइल का सफलतापूर्वक परीक्षण

दिल्ली(खबर वारियर)- रक्षा अनुसंधान और विकास परिषद (DRDO) ने भारतीय सेना के लिए तैयार किए गए सतह से हवा में मार करने वाली मीडियम रेंज वाली मिसाइल सिस्टम का सफलतापूर्वक परीक्षण किया. सूत्रों के मुताबिक, परीक्षण के दौरान मिसाइल टारगेट पर निशाना साधने में कामयाब रही.
पिछले सप्ताह ही रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने हैदराबाद स्थित डीआरडीओ के डॉ एपीजी अब्दुल कलाम मिसाइल कॉम्प्लेक्स का दौरा किया था. उन्होंने ट्वीट कर कहा था, “डीआरडीओ के लैब को देखने पहुंचा, जहां भारत द्वारा विकसित मिसाइल सिस्टम और उन्नत टेक्नोलॉजी को रखा गया है. मुझे डीआरडीओ के वैज्ञानिकों और तकनीक विशेषज्ञों पर गर्व है जो भारत की रक्षा प्रणाली को मजबूत करने के लिए तकनीक के विकास में दिन-रात लगे हुए हैं.”
भारत ने पिछले सप्ताह DRDO द्वारा विकसित परमाणु क्षमता वाले दो पृथ्वी-II मिसाइल का ओडिशा के बालासोर तट पर सफल परीक्षण किया था. पृथ्वी-2 मिसाइल जमीन से जमीन पर मार करने में सक्षम है. ये मिसाइल अपने साथ 500 से 1000 किलोग्राम युद्ध सामग्री ले जा सकती है. इसकी मारक क्षमता 350 किलोमीटर है. मिसाइल में एडवांस गाइडेंस सिस्टम लगा है जो अपने लक्ष्य को आसानी से मार गिरा सकता है.



