हॉस्पिटल में हुआ गैस का रिसाव,एक की मौत

राजनांदगांव(खबर वारियर)- बसंतपुर स्थित मेडिकल कॉलेज अस्पताल में बड़ा हादसा हो गया। आधी रात आईसीयू में गैस के रिसाव और फिर पाइप फट जाने से आईसीयू में भर्ती एक मरीज की मौत हो गई है। वहीं एक अन्य मरीज की हालत गंभीर बताई जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार घटना मंगलवार-बुधवार दरम्यानी रात लगभग 1.30 बजे की है। ऑक्सीजन गैस के रिसाव से वार्ड में भर्ती 9 अति गम्भीर मरीजों को तत्काल वार्ड से बाहर निकाला गया।
आरक्षक ने सूझबूझ से बचाई कई मरीजों की जान
हॉस्पिटल पुलिस चौकी में तैनात जवान अमित समुन्द्रे ने गैस पाइप लाइन फटने की घटना के बीच सूझबूझ का परिचय देते हुए वार्ड में भर्ती कई मरीजों की जान बचाई। आरक्षक ने वार्ड में रखे फायर सिलेंडर से वार्ड में लगने वाली आग पर काबू पाया, इस प्रकार एक बड़ी दुर्घटना को टाला गया। लेकिन इस बीच एक मरीज की मौत हो गई।
मच गई थी अफरा-तफरी
मरीजों ने बताया कि शासकीय मेडिकल कॉलेज-सह-हॉस्पिटल के आईसीयू वार्ड में आधी रात अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जब एक ऑक्सीजन गैस सिलेंडर से गैंस का रिसाव तेजी से होने लगा। पूरे घटनाक्रम के दौरान एक गम्भीर मरीज की इलाज के दौरान मौत हो गई, मौत का कारण जांच का विषय है। वहीं दूसरे मरीज का उपचार किया जा रहा है। फिलहाल इस पूरे घटनाक्रम में अस्पताल प्रबंधन का बयान नहीं आया है। अस्पताल अधीक्षक ने कुछ भी कहने से इनकार कर दिया है।



