अफगानिस्तान के काबुल में आतंकी हमला, 9 लोगों की मौत, सांसद समेत कई घायल

इंटरनेशनल (खबर वारियर)- अफगानिस्तान (Afghanistan) में एक बार फिर से बम धमाका हुआ है. राजधानी काबुल (Kabul) में हुए बम धमाके में कम से कम नौ लोगों के मारे जाने की खबर है. आतंकियों ने सांसद हाजी खान मोहम्मद वरदक की कार को निशाना बनाकर यह बम धमाका किया है. हमले में वह बुरी तरह घायल हुए हैं. उनके अलावा 15 से ज्यादा लोग जख्मी हुए हैं, जिनमें बच्चे और महिलाएं भी शामिल हैं. यह बम धमाका शहर के पीडी5 क्षेत्र के स्पिन काले स्क्वायर में हुआ है. काबुल पुलिस मुख्यालय ने हमले की पुष्टि की है.
अफगानिस्तान के गृह मंत्रालय के उप प्रवक्ता फरदास फारामर्ज ने जानकारी देते हुए बताया कि हमले में तीन वाहनों में आग लग गई. सरकार की ओर से जारी बयान में अभी तक 8 लोगों के मारे जाने की पुष्टि की गई है. गृह मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है, ‘आतंकियों ने आज काबुल शहर के पीडी5 क्षेत्र को निशाना बनाया. हमले में बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग घायल हुए हैं. दुर्भाग्य से आठ लोग मारे गए हैं जबकि 15 घायल हुए हैं.’ बयान में आगे कहा गया है, ‘इस हमले में सांसद वरदक भी घायल हुए हैं.’ मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है. अभी तक इस हमले की किसी आतंकी संगठन ने जिम्मेदारी नहीं ली है.
اعلامیه مطبوعاتی در پیوند به حمله تروریستی امروز در کابل
کابل، وزارت امور داخله:
تروریستان امروز با انجام یک حملهٔ تروریستی در مربوطات حوزه ۵ کابل دست به جنایت زدند. کودکان، زنان و کهنسالان شامل مجروحین این رویداد میباشند و به خانههای اطراف رویداد متذکره خسارات هنگفت— Tariq Arian 🇦🇫 (@TariqArian3) December 20, 2020
तीन महीने में 37 आत्मघाती हमले
अफगान सरकार ने आतंकियों के खिलाफ मुहिम जारी रखने की बात कहते हुए कहा कि हम उन्हें उनके मंसूबों में कामयाब नहीं होने देंगे. हालिया समय में सुरक्षा बलों ने बहुत से आतंकी हमले की साजिश को नाकाम किया है. आतंकियों ने बीते तीन महीने में 37 आत्मघाती हमले करने की कोशिश की और 510 लैंड माइन्स बिछाए थे. हालिया हमलों में अब तक 500 से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है और 1050 लोग घायल हुए हैं.



