धान खरीदी,किसानों पर लाठीचार्ज को लेकर भाजपा ने राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन,की श्वेत पत्र की मांग

रायपुर(khabarwarrior)केशकाल में किसानों पर लाठीचार्ज की जांच के लिए बनी भाजपा की समिति वापस लौट आई है। इसके साथ ही भाजपा के एक प्रतिनिधि मंडल ने पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह के नेतृत्व में राज्यपाल अनुसुइया उइके से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा है।
डॉ रमन सिंह ने कहा कि किसानों पर बर्बरता पूर्वक लाठी चार्ज किया गया है। प्रदेश में धान खरीदी पर सरकार गुमराह कर रही है। बारदाना नही होने से किसान धान नहीं बेच पा रहे हैं। अगर किसान मांग भी करे तो किससे, मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव सभी तो विदेश दौरे पर हैं। सरकार को इस मुद्दे पर श्वेत पत्र जारी करना चाहिए।
प्रतिनिधि मंडल में राज्यसभा सांसद सरोज पांडेय, पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल, अजय चंद्राकर, लता उसेंडी, पूर्व विधायक सेवक राम नेताम, किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष पूनम चंद्राकर, किसान मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष संदीप शर्मा शामिल थे।
भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर से भाजपा का 5 सदस्यीय दल केशकाल के लिए रवाना हुआ था। धान खरीदी नहीं होने से परेशान किसानों द्वारा केशकाल में चक्का जाम करने पर वहां के किसानों पर लाठीचार्ज किया गया था।
भाजपा के पांच सदस्यीय दल में पूर्व मंत्री केदार कश्यप, लता उसेंडी, पूर्व विधायक सेवक राम नेताम, किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष पूनम चंद्राकर एवं किसान मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष संदीप शर्मा शामिल थे।