कॅरिअर

छत्तीसगढ़ में कक्षा पहली से आठवीं कक्षा के बच्चे जाएंगे अगले क्लास में

कक्षा 9वीं एवं 11वीं की परीक्षा स्थानीय स्तर पर

रायपुर(खबर वारियर)- छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मण्डल द्वारा छात्र हित में निर्णय लिया गया है कि कक्षा 10वीं और 12वीं की परीक्षा में शामिल होने के लिए विलंब शुल्क के साथ फार्म भरा जा सकता है। माध्यमिक शिक्षा मण्डल द्वारा इसके लिए 1 फरवरी से 5 फरवरी तक पोर्टल खोला जाएगा। बोर्ड परीक्षा फार्म एक हजार रूपए की विलंब शुल्क के साथ भरा जा सकेगा। माध्यमिक शिक्षा मण्डल के सचिव प्रोफेसर व्ही.के. गोयल ने यह जानकारी देते हुए बताया कि कक्षा 9वीं और 11वीं की परीक्षा स्थानीय स्तर पर होगी।

प्रत्येक शाला स्तर पर प्रश्न पत्र तैयार होंगे और शाला स्तर पर ही मूल्यांकन करके परिणाम घोषित किए जाएंगे। माध्यमिक शिक्षा मण्डल द्वारा इस संबंध में सभी मान्यता प्राप्त स्कूलों के लिए निर्देश जारी कर दिया है। माध्यमिक शिक्षा मण्डल के सचिव ने बताया कि परीक्षा आयोजित करते समय कोविड-19 से बचाव के लिए शासन द्वारा जारी सभी निर्देशों का पालन किया जाएगा।

छत्तीसगढ़ में शिक्षा विभाग के पाठ्यक्रम के आधार पर संचालित स्कूलों में हर वर्ष की तरह इस बार भी कक्षा पहली से आठवीं तक के बच्चों को अगले सत्र की कक्षाओं में प्रवेश दे दिया जाएगा। इसके आदेश जारी कर दिए गए हैं।

लोक शिक्षण संचालनालय ने जिला शिक्षा अधिकारी और संयुक्त संचालकों को जारी आदेश में कहा है कि छत्तीसगढ़ राज्य में पहले से ही यह नीति रही है कि कक्षा पहली से आठवीं तक के बच्चों को परीक्षा के आधार पर पिछली कक्षा में नहीं रोका जाता है, बल्कि उन्हें अगली कक्षा में सामान्य रूप से प्रवेश दिया जाता है। इसके साथ ही बच्चों का सतत मूल्यांकन भी किया जाता है। स्कूली बच्चों के लिए यह व्यवस्था इस वर्ष भी लागू रहेगी।

Related Articles

Back to top button