छत्तीसगढ़

समाज में महिलाओं को बराबरी का स्थान दिलाने आर्थिक मजबूती जरूरी-टी.एस.सिंहदेव

पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री  सिंहदेव ने रेडियो पर दी लैंगिक समानता और महिला सशक्तिकरण की जानकारी

रायपुर(खबर वारियर)पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री टी.एस. सिंहदेव ने आज रेडियो पर लैंगिक समानता और महिला सशक्तिकरण की जानकारी दी। आज शाम साढ़े सात बजे आकाशवाणी रायपुर से प्रसारित विशेष कार्यक्रम ‘हमर ग्रामसभा’ में उन्होंने समाज में महिलाओं की स्थिति सुधारने सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की भी जानकारी दी।

सिंहदेव ने ‘हमर ग्रामसभा’ में कहा कि तमाम कोशिशों के बाद भी महिलाओं की स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं आ पाया है। आदिवासी अंचलों में महिला-पुरूष का अनुपात काफी अच्छा है। वहां करीब-करीब पुरूषों के बराबर ही महिलाओं की संख्या है। कुछ जिलों में महिलाओं की संख्या पुरूषों से भी ज्यादा है। शहरी क्षेत्रों में लिंगानुपात कम है। इससे समाज की संतुलन बिगड़ रहा है।

पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री ने कार्यक्रम में कहा कि त्रिस्तरीय पंचायतीराज संस्थाओं ने महिलाओं के सशक्तिकरण में बड़ी भूमिका निभाई है। इसने उन्हें घर से बाहर निकलकर राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर खुद को साबित करने का मौका दिया है। कौशल विकास और स्वसहायता समूहों के जरिए महिलाओं को आर्थिक तौर पर मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण काम हो रहे हैं।

समाज में महिलाओं को बराबरी का स्थान दिलाने के लिए उनकी आर्थिक मजबूती और स्वतंत्रता जरूरी है। सिंहदेव ने कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ महिला कोष और नोनी सुरक्षा योजना का उल्लेख करते हुए राज्य सरकार द्वारा महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी।

हमर ग्रामसभा’ का प्रसारण आज आकाशवाणी के अंबिकापुर केंद्र से छत्तीसगढ़ी और सरगुजिहा में, रायगढ़ केंद्र से छत्तीसगढ़ी और कुड़ुख में तथा जगदलपुर केंद्र से छत्तीसगढ़ी और हलबी बोली में किया गया। प्रदेश के अन्य केंद्रों ने इसे छत्तीसगढ़ी में प्रसारित किया।

विभागीय योजनाओं की जानकारी देने और इनका लाभ उठाने लोगों को प्रेरित करने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग तथा ठाकुर प्यारेलाल राज्य पंचायत एवं ग्रामीण विकास संस्थान, निमोरा द्वारा तैयार साप्ताहिक रेडियो कार्यक्रम ‘हमर ग्रामसभा’ का आकाशवाणी रायपुर द्वारा हर रविवार शाम साढ़े सात बजे से आठ बजे तक प्रसारण किया जाता है।

Related Articles

Back to top button