स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के नाम पर किया जाए कारागारों का नामकरण : रिजवी

रायपुर(khabar warrior)- जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के मीडिया प्रमुख, मध्यप्रदेश पाठ्यपुस्तक निगम के पूर्व अध्यक्ष, पूर्व उपमहापौर तथा वरिष्ठ अधिवक्ता इकबाल अहमद रिजवी ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल एवं जेल मंत्री ताम्रध्वज साहू को पत्र प्रेषित कर सुझाव दिया है कि प्रदेश के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के अविस्मरणीय योगदान को चिरस्थायी बनाने के लिए प्रदेश के कारागारों का नामकरण किया जाए। यह एक अभिनव शुरूआत होगी तथा न केवल प्रदेश वरन् देशवासियों के लिए अनुशरणात्मक पहल होगी।
सेनानियों के नामकरण के साथ उनके योगदान का वर्णन वाली नामपट्टिका भी जेलों के प्रवेश द्वार पर लगाना सुनिश्चित किया जाए ताकि आने वाली पीढ़ी को सेनानियों के त्याग एवं बलिदान का इतिहास जानने का अवसर भी मिल सकेगा। सेनानियों के नामकरण के इस पुनित कार्य से प्रदेश के युवाओं में देशभक्ति का जज्बा पैदा होगा।
रिजवी ने इस संदर्भ में अपने सुझाव में केन्द्रीय कारागार रायपुर के नामकरण हेतु कुछ नाम भी सुझाए हैं, जैसे – ठाकुर प्यारे लाल सिंह, डा. खूबचन्द बघेल, भगवती चरण शुक्ल, केयूर भूषण, कमल नारायण शर्मा, सुधीर मुखर्जी, छोटेलाल श्रीवास्तव, मौलाना अब्दुल रऊफ खान, डेरहादास सतनामी, वीर नारायण सिंह आदि तथा उन्होंने यह भी मुख्यमंत्री जी से निवेदन किया है कि प्रदेश में जिला एवं तहसील स्तर के कारागारों के नामकरण में केवल छत्तीसगढ़ के सेनानियों के नाम ही होना चाहिए।



