गरियाबंद: बी एस एफ हेलिकॉप्टर की आपात लैंडिंग…

गरियाबंद(ख़बर वारियर)- राजस्थान से बंगाल की खाड़ी तक जाने वाली द्रोणिका ने शनिवार को छत्तीसगढ़ को भी जद में ले लिया। इससे राजधानी समेत प्रदेश के बड़े हिस्से में अंधड़ चला तो कई जिलों में बारिश हुई। इसके चलते कांकेर से रायपुर के लिए उड़ान भरे बीएसएफ का हेलिकॉप्टर संतुलन खो बैठा, जिसकी आपात लैंडिंग राजिम के राजीव लोचन कॉलेज मैदान करानी पड़ी। इसमें आईजी, डीआईजी सहित बीएसएफ के 8 जवान सवार थे। इसके बाद इन्हें सड़क मार्ग से रायपुर के लिए रवाना किया गया।
टीआई दीपेश कुमार ने बताया कि हेलिकॉप्टर अब रविवार सुबह रवाना होगा। उसकी सुरक्षा के लिए जवान तैनात कर दिए हैं। बस्तर से लेकर कोरबा- सरगुजा तक 2 से 3 घंटे 45 किमी की रफ्तार से चली आंधी से सैकड़ों पेड़ धराशायी हो गए। कई घरों के छप्पर उड़ गए तो कच्चे मकान ढह गए। बिजली के खंभे गिरने से कई इलाकों में घंटों ब्लैकआउट रहा। सबसे ज्यादा प्रभावित जिलों में बलौदाबाजार, कवर्धा, जगदलपुर, कोरबा, जशपुर नगर रहे।
इधर राजधानी में जगह-जगह होर्डिंग्स के फ्लेक्स उखड़कर तारों पर गिर गए, जिससे 4 लोग जख्मी हुए। शहर में कई जगह 7 से रात 9 बजे तक बिजली गुल रही। मौसम विज्ञानियों ने बताया कि आने वाले दिन में दोपहर बाद तेज हवा चलने की आशंका बनी रहेगी।
ओडिशा से रायपुर जा रहा था हेलीकॉप्टर
जानकारी के मुताबिक, BSF का हेलीकॉप्टर ओडिशा से रायपुर जा रहा था। इसी बीच CRPF के दर्री पारा कैंप के पास उसकी इमरजेंसी लैंडिंग हुई। पायलट का कहना है कि तकनीकी खराबी के चलते हेलीकॉप्टर की लैंडिंग की गई है। फिलहाल जवानों ने हेलीकॉप्टर को घेर लिया है। अभी तक इस बात की जानकारी नहीं मिल सकी है कि हेलीकॉप्टर में कौन-कौन सवार था।



