छत्तीसगढ़

आदिवासी बच्चों के लिए कंप्यूटर लैब की तैयारी, प्रक्रिया शुरू करने का आदेश जारी

बिलासपुर(खबर वारियर)- छत्तीसगढ़ के आदिवासी बच्चों को कंप्यूटर की शिक्षा से जोड़ने के लिए जनजातीय कार्य मंत्रालय भारत सरकार द्वारा पहल की जा रही है। पहले चरण में बस्तर संभाग के 365 आश्रम छात्रावास के लिए 18 करोड़ रुपये मंजूर किए गए थे। अब कोंडागांव- सुकमा जिले के लिए नौ करोड़ रुपये स्वीकृत कर दिए गए हैं। सरगुजा संसदीय क्षेत्र के आश्रम छात्रावासों में भी कंप्यूटर लैब की स्थापना की जाएगी, इसके लिए प्रक्रिया शुरू करने का आदेश जारी कर दिया गया है।

केंद्रीय राज्य मंत्री रेणुका सिंह ने बताया कि जनजातीय कार्य मंत्रालय भारत सरकार की ओर से जनजातीय समाज के उत्थान के लिए लगातार काम किया जा रहा है। जनजातीय समाज की परंपरा, सभ्यता, संस्कृति को जीवित रखते हुए बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने आश्रम- छात्रावासों को सर्व सुविधा युक्त बनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि वर्तमान समय मे कंप्यूटर का ज्ञान बेहद जरूरी है इसीलिए उन्होंने आदिवासी क्षेत्र के आश्रम- छात्रावासों में भारत सरकार की ओर से कंप्यूटर लैब स्थापना के लिए पहल की है।

बस्तर संभाग को प्राथमिकता में लिया गया था। वहां के 365 आश्रम छात्रावासों के लिए 18 करोड़ रुपये स्वीकृत किए जा चुके हैं। इससे बस्तर के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के बच्चों को भी कंप्यूटर की शिक्षा से जोड़ने में मदद मिलेगी। उन्होंने बताया कि कोंडागांव और सुकमा जिला इससे वंचित रह गया था वहां के लिए भी 9 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। केंद्रीय राज्यमंत्री रेणुका सिंह ने बताया कि सरगुजा संसदीय क्षेत्र के सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर जिले के आश्रम छात्रावासों में भी कंप्यूटर शिक्षा व्यवस्था को हाईटेक बनाया जाएगा।

इसके लिए सभी आश्रम- छात्रावासों में कंप्यूटर लैब की स्थापना कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि कोरोना काल की वजह से कामकाज थोड़ा प्रभावित हुआ इसके बावजूद वे लगातार सरगुजा संसदीय क्षेत्र के विकास के लिए प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि सरगुजा संसदीय क्षेत्र से चुनाव जीतने के बाद उन्होंने वादा किया है कि सरगुजा में रेल सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। यहां के दर्शनीय स्थलों को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की कोशिश की जाएगी। सरगुजा से हवाई सेवा को अतिशीघ्र आरंभ किया जाएगा, इसके लिए प्रयास लगातार जारी है।

उन्होंने बताया कि सरगुजा के पर्यटन स्थलों में सुविधा विस्तार के लिए काम होगा। अभी उनके कार्यकाल का तीन साल का वक्त बचा हुआ है। यह अवधि पूरा होने से पहले सारे कार्य कराए जाएंगे। केंद्रीय राज्य मंत्री रेणुका सिंह ने जानकारी दी है कि अंबिकापुर दरिमा हवाई पट्टी के लिए केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने 27 करोड़ रुपये स्वीकृत कर दिए हैं। सरगुजा से हवाई सेवा आरंभ करने के लिए वे प्रयासरत हैं। यहां सुविधाएं विकसित होते ही उड़ान शुरू हो जाएगी।

Related Articles

Back to top button