दुर्ग जिले में अंत्योदय परिवार के 18 से 45 आयु वर्ग के हितग्राहियों को प्रथम चरण में 1 मई से लगेगी कोरोना की वैक्सीन

नगर निगम में और ग्रामीण क्षेत्रों में टीकाकरण स्थल और हितग्राही भी किये गए चिन्हांकित,
दुर्ग(खबर वारियर)- मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज 18 वर्ष से 45 आयुवर्ग के हितग्राहियों को कोरोना वैक्सीन लगाए जाने के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक निर्देश आज वीसी के माध्यम से दिए। इसके अनुपालन में जिले में कार्ययोजना बनाई गई है। कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे के निर्देश पर सभी नगर निगम और ब्लॉक मुख्यालय में इसकी कार्ययोजना तैयार कर ली गई है और शनिवार 1 मई से इसकी शुरुआत होगी।
इसके लिए अंत्योदय परिवार के लोगों को प्रथम चरण के टीकाकरण के लिए शामिल किया गया है। अंत्योदय राशन कार्ड के आधार पर इनका पंजीकरण किया जा रहा है। प्रथम चरण में जिले के तीनों विकास खंड में चिन्हांकित स्थलों पर टीका लगाया जाएगा। इसी तरह प्रत्येक नगर निगम में भी टीकाकरण के केंद्र निर्धारित किये गए हैं।
इन ग्रामीण केंद्रों में लगेंगे टीके –
ग्रामीण क्षेत्र के अंतर्गत दुर्ग विधानसभा के ग्राम थनोद व निकुम में टीकाकरण किया जाएगा। इसी तरह पाटन के ग्राम बेलौदी व पाहन्दा में साजा के दनिया व नवागांव (पुरदा) में , बेमेतरा के दरगॉव में अहिवारा के मुरमुदा व जेवरा सिरसा में टीकाकरण किया जाएगा।
नगर निगम क्षेत्र में यहाँ लगेंगे टीके –
इसी तरह नगर निगमों में भी अंत्योदय कार्ड धारियों को वैक्सीन लगाई जाएगी। भिलाई निगम में सांस्कृतिक भवन अंडा चैक खुर्सीपार तथा सांस्कृतिक भवन वैशाली नगर में वैक्सीन लगाई जाएगी। दुर्ग नगर निगम में इसके लिए शासकीय प्राथमिक शाला नयापारा तथा शासकीय प्राथमिक शाला सिकोला भाटा को चिन्हांकित किया गया है। भिलाई 3 में कन्या शाला को चिन्हांकित किया गया है। इसी प्रकार रिसाली में रूआबांधा नवीन प्राइमरी स्कूल को चिन्हांकित किया गया है।



