छत्तीसगढ़

जिला अस्पताल में अव्यवस्था हावी, इलाज के लिए भटक रहे मरीज, स्टाफ की कमी से हो रही परेशानी

धमतरी(khabar warrior)- बारिश के सीजन में भी सूरज की प्रचंड किरणों के चलते उमस और गर्मी से लोग परेशान हो रहा है। दिन में तेज धूप खिले होने के बाद रात में हल्की ठंड पडऩे से लोग सर्द-गर्म मौसम के चलते सर्दी, खांसी बुखार और दस्त से पीडि़त हो रहे हैं, जिसके चलते इलाज के लिए जिला अस्पताल में प्रतिदिन मरीजों की लंबी लाइन लग रही है, लेकिन यहां आवश्यक स्टाफ की कमी के चलते मरीजों को परेशान होना पड़ रहा है। इससे अस्पताल प्रबंधन की अव्यवस्था को लेकर रोष पनपने लगा है।

करीब 8 लाख की आबादी वाले धमतरी जिले में आम नागरिकों को बेहतर इलाज की सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन की ओर से 250 बिस्तरों का जिला अस्पताल बनाया गया है। यहां कुछ माह पहले ही स्त्री रोग विशेषज्ञ, शिशु रोग विशेषज्ञ, एनेसथिसिया समेत अन्य डाक्टरों की पदस्थापना की गई है। इसके बाद भी यहां डाक्टरों और स्टाफ की कमी बनी हुई है। इससे यहां कार्यरत डाक्टर और कर्मचारियों पर काम का बोझ बढ़ गया है।

सुबह 10.30 बजे जब यह टीम जिला अस्पताल पहुंची, तो यहां की ओपीडी में इलाज के लिए पर्ची बनवाने के लिए मरीजों की लंबी लाइन लगी थी। बताया गया कि ओपीडी में कार्यरत एक कर्मचारी की रिपोर्ट कोरोना पॉजीटिव मिला है, जिसके चलते उसकी जगह पर मनारोग विभाग में कार्यरत एक अन्य कर्मचारी की ड्यूटी लगाई गई है।

शायद यही वजह है कि पर्ची बनवाने के लिए मरीजों को लंबा इंतजार करना पड़ रहा था। बालोद निवासी तिरूपति साहू, उमाकांत निषाद, परमेश्वर देवांगन ने बताया कि पिछले तीन दिनों से उन्हें सदी, खांसी और बुख़ार आ रहा है, जिसका इलाज कराने के लिए वे जिला अस्पताल आए हैं, लेकिन यहां समय पर डाक्टर मिल रहे हैं और न ही कोई काम हो रहा है। इससे यहां की व्यवस्था को लेकर मरीजों को परेशानी हो रही है। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन की कार्यशैली को लेकर भी सवाल उठाया।

ओपीडी में बढ़े मरीज

एक जानकारी के अनुसार सर्द-गर्म मौसम के चलते जिला अस्पताल की ओपीडी में पिछले कुछ माह से मरीज की संख्या में अप्रत्याशित रूप से बढ़ोत्तरी हुई है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार ओपीडी में अप्रैल माह में इलाज के लिए 4481 मरीजों ने पंजीयन कराया था। मई माह मेें 4083, जून में 4486 और जुलाई माह में अब तक 4680 मरीजों ने पंजीयन कराने के बाद इलाज कराया है। इस तरह पिछले तीन माह की तुलना में 19 जुलाई की स्थिति 2 सौ से अधिक मरीजों ने इलाज के लिए पंजीयन कराया है।

यह हो रही है परेशानी

मरीज दुखुराम सोनवानी, कैलाश कुमार, पूर्णिमा नेताम ने बताया कि जिला अस्पताल में ईसीजी हो रहा है और न पैथालॉजी लैब में कई प्रकार की बीमारियों की जांच हो रही है। ऐसे में मरीजों को परेशानी हो रही है। अस्पताल प्रबंधन से शिकायत करने के बाद भी कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उनका कहना है कि यदि अस्पताल में व्यवस्था को दुरूस्त कर दिया जाए, तो मरीजों को बड़ी राहत मिल सकती है।

सिविल सर्जन ने कहा- नहीं मिली कोई शिकायत

उधर जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ एमएस मूर्ति का कहना है कि अस्पताल में सभी व्यवस्थाओं को दुरूस्त किया जा रहा है। किसी प्रकार की परेशानी होने पर मरीज उनके पास शिकायत कर सकते हैं।

Related Articles

Back to top button