राजधानीशिक्षा

मिशन उत्कर्ष 2.0: कलेक्टर के निर्देश पर विद्यालयों का औचक निरीक्षण

जिला खेल अधिकारी ने किया शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला डंगनिया का निरीक्षण

रायपुर,-  जिले में मिशन उत्कर्ष 2.0 के तहत शासकीय विद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता, विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति और शिक्षकों की नियमितता को बेहतर बनाने के लिए लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देश पर अधिकारियों द्वारा विद्यालयों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया जा रहा है। इसी क्रम में जिला खेल अधिकारी प्रवेश जोशी ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला डंगनिया, रायपुर का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान विद्यालय की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं, विद्यार्थियों और शिक्षकों की उपस्थिति, उपलब्ध शैक्षणिक संसाधनों तथा मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय की व्यवस्थाएं संतोषप्रद पाई गईं।

शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला डंगनिया में कक्षा 9वीं से 12वीं तक कक्षाएं है। निरीक्षण के दौरान विद्यार्थी और शिक्षक उपस्थित मिले। अध्ययन-अध्यापन के लिए 8 अध्यापन कक्ष उपलब्ध हैं। इसके साथ ही प्रयोगशाला, स्मार्ट क्लास सहित अन्य आवश्यक शैक्षणिक सुविधाएं भी उपलब्ध हैं। विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बालक एवं बालिकाओं के लिए पृथक-पृथक प्रसाधन की व्यवस्था भी विद्यालय में पाई गई।

औचक निरीक्षण के दौरान विद्यालय की एक अभिनव पहल भी सामने आई। विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, उत्तरदायित्व और सहभागिता की भावना विकसित करने के उद्देश्य से कक्षा 9वीं से 12वीं तक के उत्कृष्ट विद्यार्थियों में से 12 विद्यार्थियों का चयन कर उन्हें विभिन्न महत्वपूर्ण दायित्व सौंपे गए हैं।

विद्यालय में प्रधानमंत्री के साथ वित्त, शिक्षा, खेल, कानून, कृषि, उद्योग और स्वास्थ्य सहित विभिन्न विभागों के प्रभारी विद्यार्थियों की कार्यकारिणी बनाई गई है। इस पूरी व्यवस्था को विद्यालय स्तर पर ‘युवा संसद’ के रूप में संचालित किया जा रहा है। यह पहल विद्यार्थियों को जिम्मेदारी निभाने के साथ-साथ लोकतांत्रिक मूल्यों, नेतृत्व क्षमता और निर्णय लेने के कौशल से जोड़ने की दिशा में सराहनीय प्रयास है।

मिशन उत्कर्ष 2.0 के अंतर्गत जिले के शासकीय विद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता सुधारने के साथ विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति, शिक्षकों की नियमितता और उपलब्ध संसाधनों के प्रभावी उपयोग पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button