देश-विदेश

मुंबई सहित कई आतंकी हमलों के सजिशकर्ताओं को सजा दिलाने पाकिस्तान पर बढ़ा दबाव

(khabarwarrior)भारत और अमरीका ने पाकिस्‍तान से कहा है कि वह मुंबई आतंकी हमले और पठानकोट एयरबेस हमले सहित कई आतंकी हमलों की साजिश करने वालों को सजा दिलाने के लिए शीघ्र कार्रवाई करे।

भारत अमरीका आतंकरोधी संयुक्‍त कार्य समूह और भारत अमरीका आधिकारिक वार्ता दल की कल संपन्‍न हुई बैठक के बाद जारी संयुक्‍त वक्‍तव्‍य में यह घोषणा की गयी। दोनों देशों ने कहा है कि पाकिस्‍तान को यह सुनिश्चित करने की कार्रवाई करनी चाहिए कि उसके भू-भाग का इस्‍तेमाल आतंकी गतिविधियों के लिए न हो।

बयान में दोनों पक्षों ने छद्म आतंकवाद की आलोचना की और किसी भी प्रकार के सीमापार आतंकवाद की निंदा की। संयुक्‍त राष्‍ट्र के घोषित आतंकी गुटों से उत्‍पन्‍न खतरों को लेकर भी विचार-विमर्श हुआ।

अल-कायदा, इस्‍लामिक स्‍टेट, लश्‍कर-ए-तैयबा, जैश-ए-मोहम्‍मद और हिज्ब-उल-मुजाहिदीन सहित सभी आतंकी नेटवर्क के खिलाफ समन्वित कार्रवाई करने पर जोर दिया गया। दोनों देशों ने आतंकी गुटों और आतंकवादियों पर लगे प्रतिबंध को आगे बढ़ाने के बारे में भी विचार-विमर्श किया।

अंतर्राष्‍ट्रीय आतंकवादियों की यात्रा पर रोक लगाने के बारे में जानकारी साझा करने संबंधी तंत्र मजबूत करने तथा इससे संबंधित अन्‍य कदम उठाने की संयुक्‍त प्रतिबद्धता भी व्‍यक्‍त की गयी।

आतंकी संगठनों को मिलने वाले धन पर रोक लगाने सहित आतंकी चुनौतियों से निपटने के बारे में भी चर्चा हुई। दोनों पक्षों ने परस्‍पर विधिक और प्रत्‍यर्पण सहयोग, द्विपक्षीय कानूनी व्‍यवहार, प्रशिक्षण और सहयोग पर भी विचार-विमर्श किया।

Related Articles

Back to top button