खाद्य विभाग का बड़ा एक्शन! दुकानों पर छापा, 150 KG मिठाई नष्ट, लाइसेंस सस्पेंड
खुद मैदान में उतरे खाद्य विभाग के नियंत्रक, चार प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई

रायपुर (खबरवरियर )राजधानी में मिलावटी और अस्वच्छ खाद्य सामग्री पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभाग के नियंत्रक दीपक अग्रवाल स्वयं टीम के साथ मैदान में उतरे और तेलीबांधा क्षेत्र के 4 प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की।
इन पर हुई कार्रवाई
जिन प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई हुई उनमें न्यू जनता स्वीट्स, मां अंबे स्वीट्स, स्वीट हट एंड बेकरी और पचपेड़ी नाका स्थित रायपुर ढाबा शामिल हैं।
निरीक्षण के दौरान चारों जगहों पर साफ-सफाई की स्थिति बेहद खराब मिली। खाद्य पदार्थों के रखरखाव में लापरवाही पर विभाग ने तत्काल एक्शन लेते हुए लगभग 150 किलो मिठाई और 10 किलो पनीर मौके पर ही नष्ट करवाया।

विभाग ने चारों प्रतिष्ठानों के फ़ूड लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं और स्वच्छता में सुधार होने तक कम से कम 3 दिन तक दुकानें बंद रखने के निर्देश दिए हैं।
सैंपल लैब भेजे
कार्रवाई के दौरान खोवा, कुंदा, पनीर, बूंदी, बेसन लड्डू, कलाकंद और छेने की मिठाई के सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेजे गए हैं। जांच में अमानक पाए जाने पर कारोबारियों पर न्यायालयीन कार्रवाई होगी।
नियंत्रक दीपक अग्रवाल ने कहा – “खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों पर कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
इस दौरान उपायुक्त आशीष यादव, अभिहित अधिकारी विनोद गुप्ता, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कंचन वर्मा और खाद्य सुरक्षा अधिकारी सतीश राज, संतोष ध्रुव, डोमेन्द्र ध्रुव मौजूद रहे।
विभाग ने कहा है कि सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।



