पटवारियों की हड़ताल अवधि 14 दिवस का अवकाश स्वीकृत, मांगों पर शीघ्र निर्णय लेने का मिला आश्वासन

रायपुर (खबर वारियर)- राजस्व पटवारी संघ छत्तीसगढ़ के आवाहन पर 9 सूत्रीय मांगों की ओर शासन का ध्यान आकृष्ट करने हेतु 14 दिसंबर 2020 से 28 दिसंबर 2020 तक 14 दिवस अनिश्चितकालीन आंदोलन कर ईदगाहभाठा मैदान में धरना दिया गया था. राजस्व मंत्री के पहल पर 9 सूत्रीय मांगों पर सहानुभूति पूर्वक विचार करने के आश्वासन पर 28 दिसंबर को आंदोलन को स्थगित किया गया था. पटवारी संघ के प्रतिनिधियों ने राजस्व मंत्री से भेंट कर वस्तुस्थिति से अवगत कराया है उनकी मांगों पर सहानुभूति पूर्वक विचार करने का आश्वासन दिया गया तथा हड़ताल अवधि को अवकाश में समायोजित कर वेतन भुगतान के निर्देश भी दिए गए हैं.
छत्तीसगढ़ प्रदेश तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष विजय कुमार झा एवं राजस्व पटवारी संघ छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी वर्मा ने बताया है कि प्रदेश के पटवारियों के कंप्यूटर रूम भत्ता स्टेशनरी भत्ता का पुनरीक्षण पदोन्नति संबंधी अनेक अनार्थिक मांगों के संबंध में 9 सूत्रीय मांग की ओर शासन प्रशासन का ध्यान आकृष्ट करने हेतु 14 दिसंबर से अनिश्चितकालीन आंदोलन करने का निर्णय लिया गया था. पूरे प्रदेश में पटवारियों का आंदोलन शत-प्रतिशत सफल होने के बाद राजस्व मंत्री जय सिंह अग्रवाल से चर्चा उपरांत 28 दिसंबर को मांगों पर सहानुभूति पूर्वक विचार करने के आश्वासन पर आंदोलन स्थगित किया गया था.
संघ प्रतिनिधि मंडल जिसमें अश्वनी कुमार वर्मा प्रदेश अध्यक्ष नीरज प्रताप सिंह संतोष त्रिपाठी संरक्षक भीम साहू अध्यक्ष महासमुंद एवं अशोक बंजारे सहित पांच सदस्यीय प्रतिनिधि मंडल ने राजस्वमंत्री जय सिंह अग्रवाल से भेंट कर उनसे मांगों के संबंध में चर्चा किया राजस्व मंत्री के निर्देश पर हड़ताल अवधि 14 दिसंबर 2020 से 28 दिसंबर 2020 तक अनिश्चितकालीन 14 दिवस के आंदोलन अवधि को संबंधित पटवारी के अवकाश खाते में 31 दिसंबर 2020 की स्थिति में शेष बचे अवकाश में अर्जित अवकाश के रूप में समायोजित कर उन्हें अवकाश स्वीकृत किया जा कर हड़ताल अवधि का वेतन जारी करने का आदेश छत्तीसगढ़ शासन राजस्व विभाग द्वारा जारी कर दिया गया है. राजस्व पटवारी संघ ने इसके लिए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल राजस्व मंत्री जय सिंह अग्रवाल एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया है



