नगर निगम टीम ने पेश की मिसाल, बेटी थी अमरीका में यहां वृद्ध पिता की कोरोना से मौत पर किया अंतिम संस्कार

रायपुर(khabar warrior)- राजधानी रायपुर में आज कोरोना से एक ऐसे वृद्ध की मौत हो गई, जिनके परिवार का कोई सदस्य यहां नहीं था। नगर निगम की टीम ने मिसाल पेश करते हुए वृद्ध का अंतिम संस्कार किया। मृतक की बेटी अमरीका में रहती हैं। उन्हें मोबाइल पर वीडियो कॉलिंग के माध्यम से पिता के अंतिम दर्शन कराए गए।
निगम सूत्रों से मिली जानकारी टैगोर नगर निवासी 82 वर्षीय वृद्ध एमएमआई में भर्ती थे। उनकी जांच रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई थी। वे यहां केयर टेकर की देखरेख में थे। आज उनका निधन हो गया। नगर निगम ने जानकारी जुटानी शुरु की तो मालूम हुआ कि मृतक की बेटी हैं, जो कि अमरीका में रहती हैं। कुछ रिश्तेदार भी हैं लेकिन वे शहर से दूर रहते हैं। निगम की टीम ने केयर टेकर से बेटी का मोबाइल नंबर लिया और पिता के अंतिम संस्कार के लिए बकायदा उनसे अनुमति ली।
देवेन्द्र नगर श्मशानघाट में अंतिम संस्कार किए जाने से पहले वीडियो कॉलिग के माध्यम से बेटी को पिता के अंतिम दर्शन कराए गए। अन्य रिश्तेदारों से भी निगम टीम की लगातार बात होती रही। बेटी व रिश्तेदारों ने इस नेक कार्य के लिए निगम टीम का दिल से शुक्रिया अदा किया। राजधानी रायपुर को कोरोना के घेरे में आए पूरे एक वर्ष हो गए। इस कठिन दौर में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए निगम की टीम ने ऐसे न जाने कितने ही उदाहरण पेश किए हैं।



