बालोद जिले के स्काउटर-गाइडर्स हुए सम्मानित

बालोद(khabar warrior)- जम्मू कश्मीर कटरा में आयोजित “नेशनल लेवल कोविड प्रोटेक्शन कम इनवायरमेंट एवेयरनेस प्रोग्राम फ़ॉर लीडर्स” कार्यक्रम में बालोद जिले के चार सहित छ्ग से 14 स्काउटर गाइडर्स सम्मलित हुये। इस राष्ट्रीय आयोजन में देश के विभिन्न राज्यो से आये स्काउटर गाइडर्स ने साहसिक गतिविधियाँ ट्रेकिंग, कोविड प्रोटेक्शन पर जनजागरूकता, नेचर स्टडी कर पर्यावरण संरक्षण संदेश, तथा कल्चरल प्रोग्राम कर अपने अपने राज्य की सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित किया। जिसमें छ्ग की टीम ने स्काउटर जितेंद्र शर्मा के नेतृत्व में अव्वल स्थान प्राप्त किया।जिसके लिए कलेक्टर जनमेजय महोबे और जिलाशिक्षाधिकारी आर एल ठाकुर ने बालोद जिले की टीम जितेंद्र शर्मा, मारुति शर्मा, लिली पुष्पा एक्का व गायत्री साहू को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
उल्लेखनीय है कि जम्मू कटरा में आयोजित इस राष्ट्रीय आयोजन में बालोद जिले से भारत स्काउट गाइड जिला संघ अध्यक्ष सुभाष पुसतकर , जिला मुख्य आयुक्त गिरीश चंद्राकर एवं जिलाशिक्षाधिकारी आर एल ठाकुर के मार्गदर्शन में 2 स्काउटर जितेंद्र शर्मा, मारुति शर्मा और 2 गाइडर्स लिलीपुष्पा एक्का,गायत्री साहू सम्मलित हुए और विशिष्ट स्थान प्राप्त किया।
कल्चरल प्रोग्राम में छ्ग टीम द्वारा प्रस्तुत कर्मा ने मचाई धूम और अव्वल स्थान प्राप्त किया
उपरोक्त राष्ट्रीय आयोजन के संदर्भ में यात्रा संस्मरण और विस्तृत जानकारी देते हुए टीम लीडर जितेंद्र शर्मा,मारुति शर्मा, गायत्री साहू,एवम लिली पुष्पा एक्का ने बताया कि- इस आयोजन में देश भर के विभिन्न राज्यो से लगभग 108 स्काउटर गाइडर्स सम्मलित हुए थे।जहाँ पर निम्नांकित महती कार्यक्रम क्रमशः सम्पन्न हुए:-
साहसिक गतिविधि ट्रेकिंग-
लगभग 36km की अत्यंत दुर्गम व घाटी, पहाड़ी रास्तों पर ट्रेकिंग कर माता वैष्णो देवी का दर्शन किया गया। इस दौरान स्काउटिंग की जंगल विद्या का प्रयोग किया गया। यह ट्रेकिंग अत्यंत रोमांचक रहा और माता रानी के दर्शन होते ही सारी थकान दूर हो गई। इसी तरह एक दूसरी ट्रेकिंग भी नवदेवी दर्शन की भी की गई।
कोविड प्रोटेक्शन जनजागरूकता-
चूंकि कटरा में माता वैष्णो देवी दर्शन हेतु देश विदेश से प्रतिदिन लाखों श्रद्धालुओं का आगमन होता है, इसलिए वर्तमान वैश्विक बीमारी कोरोना के प्रति विशेष सावधानी बरतने की जरूरत होती है, कोविड प्रोटेक्शन को लेकर समस्त स्काउटर गाइडर्स द्वारा कटरा शहर व मंदिर दर्शन मार्ग पर रैली, नुक्कड़ नाटक व संदेश प्रसारित कर जनजागरूकता फैलाई गई।
स्वच्छ भारत-स्वस्थ्य भारत स्वच्छता अभियान-
जम्मू कश्मीर जैसे धरती का स्वर्ग कहलाने वाली जगहों पर भी प्लास्टिक और पॉलीथिन के कचरे पर्यावरण को बुरी तरह प्रदूषित करते पाये गए, जिसके लिए शिविर में सम्मलित समस्त स्काउटर गाइडर्स ने पूरे कटरा शहर व मंदिर मार्ग में सभी कचरों को उठाकर स्वच्छ भारत स्वस्थ भारत का संदेश दिया, तथा लोगो को अपने आसपास को स्वच्छ रखने, प्लास्टिक, पॉलीथिन का प्रयोग कम से कम करने तथा डस्टबिन का उपयोग करने का संदेश दिया।
एनवायरमेंट एवेयरनेस-
ग्लोबल वार्मिग की वजह से पर्यावरण का रौद्र रूप विभिन्न तरीके से देखने को मिलता है, जिसमे ग्लेशियर का टूटना, भूस्खलन, बादल फटना जैसी विनाशकारी घटनाएं सामने आती है, इसके लिए भी स्काउटर गाइडर्स ने गुलमर्ग, डलझील आदि विभिन्न प्राकृतिक स्थलों का भ्रमण कर नेचर स्टडी किया और जनमानस को यह संदेश दिया कि इन प्राकृतिक विनाशकारी घटनाओं से बचना है तो हमे प्रकृति से छेड़छाड़ बन्द करना होगा व पर्यावरण संरक्षण पर जोर देना होगा।

इस नेशनल लेवल कोविड प्रोटेक्शन कम एनवायरमेंट अवेयरनेस प्रोग्राम फ़ॉर एडल्ट लीडर्स के शिविर संचालक महेंद्र शर्मा, सहायक शिविर संचालक कमलजीत शर्मा, वीरा शर्मा, रंजना, इनायतुल्ला खान, आदि थे जिनके कुशल मार्गदर्शन में यह राष्ट्रीय शिविर सम्पन्न हुआ। जिसमे छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के अलावा गरियाबंद से आशीष साहू, सीमा साहू, राजेश्वरी ठाकुर, प्रेमलाल साहू, बलौदाबाजार से भागवत साहू, कलेश्वर साहू, सूरजपुर जिला से बेलभद्र देवांगन, गुलाब देवांगन, कौशिल्या मलिक और चन्द्रमणि स्काउटर गाइडर्स सम्मलित थे।



