जुर्म

प्रधानमंत्री मुद्रा लोन के नाम पर फर्जीवाड़ा, सावधान झांसे में न आएं

बिलासपुर(खबर वारियर)- सरगुजा के ग्रामीण इलाकों में महिलाओं एवं युवाओं को रोजगार के लिए ऋण देने के नाम पर माइक्रो फाइनेंस कंपनियों ने जाल बिछाया और करोड़ों रुपए लेकर चंपत हो गए और अब महिलाएं ऋणी हो गईं हैं। कई मामले दर्ज हो गए हैं और आरोपित भी पकड़े गए हैं। इस बीच अब कुछ कंपनियों ने शहर में भी जाल बिछाना शुरू कर दिया है।

प्रधानमंत्री मुद्रा लोन के नाम पर पंपलेट बना पूरे शहर की दीवारों में चस्पा कर दिया है। बड़े-बड़े अक्षरों में मोबाइल नंबर अंकित कर लोगों को दीवारों पर चस्पा इस पंपलेट को पढ़ने भी मजबूर कर रहे हैं। महिलाएं एवं छात्रों के लिए विशेष छूट और 50 हजार से लेकर पांच लाख का ऋण बिना गारंटी के मात्र 24 घंटे में देने का दावा करने वाली है इस कंपनी में कहीं भी अपनी कंपनी का जिक्र नहीं किया है। केवल अपना मोबाइल नंबर अंकित कर दिया है।

शहर में जगह-जगह दीवारों पर लगे इस पंपलेट को देख लोग ठहर रहे हैं और इसे पढ़ भी रहे हैं। कुछ लोग मोबाइल नंबर पर संपर्क भी कर रहे हैं, जिन्हें लोन देने के लिए तरह-तरह की बातें कही जा रही है। शहर की दीवारों पर बड़े पैमाने पर लगे इस पंपलेट पर अभी प्रशासन को पुलिस की नजर पड़ी ही नहीं है। प्रशासन व पुलिस इसको लेकर सक्रिय नहीं हुई तो भविष्य में शहरी युवा और महिलाएं भी प्रधानमंत्री मुद्रा लोन के नाम पर किसी फर्जी कंपनी के संपर्क में आकर सब कुछ गवा सकते हैं।

कंपनी का एजेंट बन लाखों कमाने का भी झांसा

शहर में बड़े पैमाने पर लगे इस पंपलेट में महिलाओं को लोन देने के लिए विशेष छूट की जानकारी से अवगत कराने के साथ कंपनी का एजेंट बनकर लाखों कमाने का भी आग्रह किया जा रहा है। इससे भी युवा और महिलाएं आकर्षित हो रहे हैं और पंपलेट में दिए गए नंबर पर कॉल कर रहे हैं। रातों-रात किसने शहर में यहां पंपलेट हर दीवार पर चस्पा कर दिया है यह भी एक जांच का विषय है।

आइजी रतनलाल डांगी ने कहा- रहें सतर्क

इस संबंध में सरगुजा रेंज के आइजी रतनलाल डांगी ने युवाओं एवं महिलाओं को सतर्क रहने की हिदायत दी है। उन्होंने कहा है कि शहर या गांव में कहीं भी लगे इस पंपलेट पर भरोसा न करें और संबंधित मोबाइल नंबर पर कॉल भी न करें। उन्होंने कहा है कि प्रधानमंत्री मुद्रा लोन नियमानुसार बैंकों से ही मिलता है और उसकी एक अलग प्रक्रिया है। इसलिए ऐसे पंपलेट को नजरअंदाज करें और सुरक्षित रहें। किसी भी फर्जी कंपनी के जाल में न फंसें।

Related Articles

Back to top button