राजनीति

सीएए नागरिकता छीनने वाला नहीं नागरिकता देने वाला कानून है-मौर्य

रायपुर(khabarwarrior)सीएए के समर्थन में भारतीय जनता पार्टी द्वारा बुधवार को  रैली एवं सभा का आयोजन किया गया। नागरिकता संशोधन अधिनियम 2019 के समर्थन में हजारों की संख्या में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं सहित विभिन्न समाज व धर्म के लोगों ने सीएए रैली में हिस्सा लिया। भारत माता के जयघोष के साथ हिन्द स्पोर्टिंग मैदान से हाथ में तिरंगा झंडा लिए सीएए के समर्थन में रैली प्रारंभ होकर धरना स्थल श्याम टाकीज के पास पहुंची। पूरे रास्ते भर विभिन्न समाज के लोगों ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। धरना स्थल पर उत्तरप्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य सहित भाजपा नेताओं ने सभा में तब्दील रैली को संबोधित किया।

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि यह मेरा सौभाग्य है कि मैं भगवान रामलला के ननिहाल में आया हूं। सनातनी संस्कृति के पुरोधा स्वामी विवेकानंद जी की यादें छत्तीसगढ़ की इस धरा में महकती हैं इस धरा को मैं नमन करता हूं। उन्होंने भारत माता के जयघोष व जय श्रीराम के नारों के बीच आह्वाहन किया कि छत्तीसगढ़ की यह आवाज सीएए के समर्थन में सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका वार्ड्रा और उनके गैंग तक पहुंच गई होगी।

छत्तीसगढ़ की जनता को व देश की जनता को भाजपा को बहुमत में लाने के लिए  मौर्य ने धन्यवाद देते हुए कहा कि जनता ने यूं ही 303 कमल फूल खिलाकर 56 इंच के सीने वाले मोदी  को प्रधानमंत्री नहीं बनाया है जनता ने मोदी को गोली का जवाब गोला से देने चुना है।

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री  मौर्य ने कहा कि सीएए का कानून बना तब से लगातार देश में ऐसा माहौल बनाया गया जैसे यह नागरिकता छीनने वाला कानून हो, लगातार भ्रम फैलाए गए। वोट बैंक की राजनीति के लिए और अपने राजनीतिक लाभ के लिए जनता को दिग्भ्रमित करने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने कपिल सिब्बल के बयान पर तंज कसते हुए कहा कि अब तो कांग्रेस के वकील भी कह रहे है कि सीएए को लागू होने से कोई राज्य नहीं रोक सकता है। न्यायालय ने भी सारी दलीलें खारिज कर दी हैं फिर क्यों सीएए का विरोध किया जा रहा है।  मौर्य ने कहा कि सीएए नागरिकता छीनने वाला नहीं नागरिकता देने वाला कानून है।

पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान ऐसे राष्ट्र है जिन्होंने अपने आप को इस्लामिक राष्ट्र घोषित किया है अगर ऐसे राष्ट्रों से प्रताड़ित, पीड़ित, अल्पसंख्यकों को भारत में नागरिकता दी जाती है तो इसका स्वागत होना चाहिए। आज भारत में मुस्लिम भाइयों की आबादी बढ़ी है, जबकि पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान में हिन्दु, सिक्ख, इसाई, पारसी, अल्पसंख्यक भाइयों की आबादी लगातार घटी है।

घुसपैठियों और शरणार्थियों में फर्क होता है और जो घुसपैठिए है उन्हें जाना पड़ेगा। पीड़ित, शोषित, वंचित शरणार्थियों का स्वागत होना चाहिए इसलिए आज हम सभी सीएए के समर्थन में जुटे है-मौर्य
उ.प्र. के उपमुख्यमंत्री केशव मौर्य ने कहा कि कांग्रेस के मित्रों से जाकर पूछें कि देश का विभाजन किसने करवाया? धर्म के आधार पर विभाजन न होता तो सीएए की आवश्यकता नहीं होती। उन्होंने कहा कि देश की 130 करोड़ जनता मोदी जी पर भरोसा करती है। जो लोगों को असंभव लगता था उसे भाजपा की नरेन्द्र मोदी सरकार ने संभव कर दिखाया है। केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह  ने कांग्रेस द्वारा पैदा की हुई 370 और 35-ए जैसी बीमारी को खत्म करने का काम किया है।
उत्तरप्रदेश के उप मुख्यमंत्री नेकहा कि मंदिर निर्माण जल्द ही प्रारंभ होने जा रहा है। जल्द ही श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए ट्रस्ट बन जाएगा, कारसेवा के लिए आप सभी को आमंत्रित करता हूं। राम मंदिर की सुनवाई से भयभीत कांग्रेस के वकील कहते थे कि राम मंदिर की सुनवाई 2019 के चुनाव से पहले न हो, उन्हें करारा जवाब न्यायालय के ऐतिहासिक फैसले से मिल गया है। उन्होंने कहा कि रामलला का भव्य मंदिर बनने वाला है दम है तो रोक लो।

रायपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद सुनील सोनी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने जो कहा सो किया जो संकल्प हमने लिया था वह हम पूरा कर रहे है। मोदी जी के नेतृत्व में कश्मीर से धारा 370, 35-ए समाप्त हुआ देश में सीएए लागू हुआ। उन्होंने कहा कि सीएए को लेकर देश में भ्रम फैलाया जा रहा है और दुर्भावनापूर्व राजनीति की जा रही है।

भाजपा के वरिष्ठ विधायक एवं पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि राजधानी में आज अचानक गर्मी बढ़ गई है शायद यह सीएए के समर्थन में निकली विशाल रैली की गर्मी है। उन्होंने कहा कि अब तक लोग सड़कों पर विरोध करने उतरते थे, अब देशभक्त लोग देशविरोधी तत्वों के खिलाफ, ऐसे राजनीतिक दलों के खिलाफ जागृत होकर सड़क पर उतर रहे है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री सीएए की बहुत बात करते है उन्हें पहले छत्तीसगढ़ के किसानों को संभालना चाहिए।
पूर्व मंत्री राजेश मूणत ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि सीएए को लेकर राजनीति करने वाले कितना भी भ्रम फैला ले अपने दूषित मानसिकता का किसी भी स्तर तक जाकर विरोध कर ले परन्तु मोदी जी के नेतृत्व में देश जाग चुका है। देश अब बहकावे में आने वाला नहीं है, कोई सीएए को रोक नहीं सकता। हम सभी भारत माँ के लाल है और इस देश के लिए मर मिटने को तैयार है।
संत समाज से पधारे महंत वेदप्रकाश  महाराज ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि सीएए कानून भारत में पहले ही आ जाना था जो कि अब जाकर मोदी सरकार ने इसे लागू किया है। सम्पूर्ण भारतवंशी मोदी सरकार के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते है। पड़ोसी देशों में रह रहे हिन्दु समाज के लोग भारी पीड़ित अवस्था में है आज उनके लिए न्याय किया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button